मुंबई मनपा चुनाव में बगावत तेज: मनसे के 11 पदाधिकारी इस्तीफे, शिंदे सेना में कांग्रेस-राकांपा को सेंध

Thecity news
3 Min Read

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मनपा चुनाव की तस्वीर नामांकन वापसी के बाद भले ही साफ हो गई हो, लेकिन राजनीतिक दलों के भीतर उठ रही नाराजगी और सामूहिक इस्तीफों ने चुनावी समीकरणों को अस्थिर कर दिया है। अलग-अलग दलों से नाराज पदाधिकारी और कार्यकर्ता अब खुले तौर पर पाला बदलते नजर आ रहे हैं।

बांद्रा कलानगर में मनसे को बड़ा झटका

राज ठाकरे का गढ़ माने जाने वाले बांद्रा कलानगर इलाके में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। मुंबई महानगरपालिका चुनाव के दौरान पार्टी के 11 संस्थापक पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर मनसे नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है।

ये सभी पदाधिकारी प्रभाग क्रमांक 97 और 98 से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि ठाकरे बंधुओं के बीच हुए सीट बंटवारे में इन दोनों में से एक प्रभाग ठाकरे गुट को दिए जाने और ‘तुतारी’ चुनाव चिन्ह पर उम्मीदवार उतारे जाने से मनसे कार्यकर्ता नाराज थे।

उम्मीदवार चयन बना विवाद की जड़

बांद्रा के प्रभाग क्रमांक 97 और 90 में उम्मीदवार चयन को लेकर विवाद सामने आया है।

  • ठाकरे गुट की ओर से बाला चव्हाण ‘मशाल’ चुनाव चिन्ह पर मैदान में हैं।
  • वहीं मनसे ने दीप्ती काते को उम्मीदवार बनाया है।

आरोप है कि ठाकरे परिवार की आपसी समझ के बावजूद मनसे के इच्छुक उम्मीदवारों की अनदेखी की गई, जिससे पार्टी के पुराने और निष्ठावान पदाधिकारियों ने राज ठाकरे को पत्र लिखकर अपने इस्तीफे सौंप दिए।

गोरेगांव और नवी मुंबई में भी असंतोष

गोरेगांव में प्रभाग भाजपा को दिए जाने से नाराज होकर करीब 200 पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सामूहिक इस्तीफे भेजे हैं।
वहीं नवी मुंबई में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को झटका देते हुए कई कार्यकर्ता शिंदे सेना में शामिल हो गए हैं।

ठाकरे बंधुओं को हो सकता है नुकसान

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक इन इस्तीफों का सीधा असर ठाकरे बंधुओं पर पड़ सकता है। कम से कम दो या उससे अधिक वाडों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जिससे मुंबई मनपा चुनाव और अधिक रोचक होता जा रहा है।

Share This Article