विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26: श्रेयस अय्यर बने मुंबई के कप्तान, शार्दुल ठाकुर बाहर

Thecity news
3 Min Read

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। शार्दुल ठाकुर के चोटिल होने के बाद MCA ने अय्यर को बचे हुए लीग मैचों के लिए कप्तान नियुक्त किया है।


भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में मुंबई क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वह टूर्नामेंट के बचे हुए दो लीग मुकाबलों में टीम की कमान संभालेंगे।

दरअसल, अब तक टीम की कप्तानी कर रहे शार्दुल ठाकुर पिंडली की चोट के कारण पूरे शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। इस बात की पुष्टि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के सचिव डॉ. उन्मेश खानविलकर ने की है।

MCA का बयान

डॉ. उन्मेश खानविलकर ने अपने बयान में कहा,

“मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि श्रेयस अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी के बाकी बचे लीग मैचों के लिए मुंबई सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।”

गौरतलब है कि पेट की चोट के कारण अय्यर 25 अक्टूबर के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में यह टूर्नामेंट उनके लिए मैदान पर वापसी का अहम मौका होगा।

फिटनेस पर रहेगी नजर

श्रेयस अय्यर को 11 जनवरी से बड़ौदा में शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।

हाल ही में टीम की घोषणा करते समय BCCI ने स्पष्ट किया था कि अय्यर की फिटनेस का आकलन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया जाएगा। मेडिकल क्लीयरेंस मिलने के बाद ही वह वनडे टीम के लिए उपलब्ध होंगे।

ऐसे में विजय हजारे ट्रॉफी में खेलना अय्यर के लिए अपनी फिटनेस साबित करने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।

मुंबई के बचे हुए मुकाबले

मुंबई टीम को विजय हजारे ट्रॉफी में अपने बचे हुए लीग मैच:

  • हिमाचल प्रदेश के खिलाफ – 6 जनवरी
  • पंजाब के खिलाफ – 8 जनवरी

खेलने हैं। मुंबई फिलहाल एलीट ग्रुप-C में 5 मैचों में 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। नॉकआउट में क्वालिफाई करने के लिए टीम को कम से कम एक मैच जीतना जरूरी होगा।

महाराष्ट्र के खिलाफ 128 रनों की हार के बाद मुंबई के नेट रन रेट को नुकसान पहुंचा है।

कैसे लगी थी अय्यर को चोट?

श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हुए थे। सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान वे एलेक्स केरी का कैच पकड़ने की कोशिश में घायल हो गए थे।

कैच सफल रहा, लेकिन बैकवर्ड प्वाइंट पर फील्डिंग करते समय उनकी बाईं पसलियों में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और आंतरिक रक्तस्राव की पुष्टि होने पर उन्हें ICU में भर्ती कराया गया था।

Share This Article