सोलापुर। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए जोरदार प्रचार और लोक-लुभावने वादे कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सोलापुर में चुनावी सभा के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा और चर्चित बयान दिया।
ओवैसी ने कहा,
“एक दिन ऐसा आएगा, जब हिजाब पहनी हुई हमारी बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी।”
उनके इस बयान के बाद सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
पाकिस्तान और भारत के संविधान की तुलना
अपने भाषण के दौरान ओवैसी ने पाकिस्तान के संविधान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के संविधान में एक ही समाज के व्यक्ति के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री बनने का प्रावधान है, जबकि भारत का संविधान सभी समाजों को समान अधिकार देता है।
ओवैसी ने कहा,
“हम भले न रहें, मगर एक दिन वो जरूर आएगा जब हिजाब पहनने वाली बेटी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी।”
नफरत फैलाने वालों पर तीखा हमला
ओवैसी ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि
“जो लोग मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं, उनकी नफरत ज्यादा दिन नहीं चलेगी। तुम खत्म हो जाओगे, नफरत फैलाने वालों।”
उन्होंने कहा कि जब सच्चाई सामने आएगी, तब लोगों को समझ में आएगा कि किस तरह समाज में जहर भरा गया।
पेट्रोल की कीमत और ‘बांग्लादेशी’ टिप्पणी पर सवाल
ओवैसी ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सोलापुर में पेट्रोल 104 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“अगर कोई पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर सवाल पूछता है, तो उसे बांग्लादेशी कह दिया जाता है।”
सोलापुर की समस्याओं से सत्ता को मतलब नहीं
ओवैसी ने कहा कि सोलापुर में कई गंभीर मुद्दे और समस्याएं हैं, लेकिन सत्ताधारी दलों को इससे कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि
बीजेपी, शिंदे गुट और अजित पवार गुट महाराष्ट्र की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि 15 तारीख को वोट के जरिए इन ताकतों को जवाब दें और उनकी साजिशों का शिकार न बनें।
दलितों और किसानों को लेकर भी हमला
ओवैसी ने कहा कि
“फडणवीस, शिंदे और पवार संविधान के आधार पर राजनीति नहीं कर रहे, बल्कि नफरत की बुनियाद पर शासन कर रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि ये ताकतें अल्पसंख्यकों और दलितों को उनका हक नहीं देना चाहतीं और किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही हैं, जिसकी वजह से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।

