NTA ने जारी की आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) 2026 (कक्षा 6 और 9) की आंसर-की जारी कर दी है। साथ ही परीक्षार्थियों की रिस्पॉन्स शीट भी उपलब्ध करा दी गई है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर जाकर एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर आंसर-की चेक व डाउनलोड कर सकते हैं।
18 जनवरी को हुई थी परीक्षा
AISSEE 2026 का आयोजन 18 जनवरी को देशभर के 464 परीक्षा केंद्रों पर पेन-पेपर मोड में किया गया था। परीक्षा कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।
प्रति प्रश्न 200 रुपये देकर दर्ज करें आपत्ति
यदि किसी अभ्यर्थी को आंसर-की में किसी उत्तर पर आपत्ति है तो वह प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क जमा कर ऑनलाइन ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकता है। वहीं रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क निर्धारित है।
14 फरवरी अंतिम तिथि, केवल ऑनलाइन मोड मान्य
आंसर-की वेबसाइट पर 14 फरवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी। आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि भी 14 फरवरी ही है। इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। चुनौतियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी और बिना शुल्क के कोई आपत्ति मान्य नहीं होगी।
विशेषज्ञ समिति करेगी सत्यापन
सभी आपत्तियों की समीक्षा विशेषज्ञों की समिति द्वारा की जाएगी। यदि चुनौती सही पाई जाती है तो उत्तर कुंजी में संशोधन किया जाएगा। अंतिम संशोधित आंसर-की के आधार पर ही परिणाम घोषित किया जाएगा। किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से चुनौती स्वीकार या अस्वीकार होने की सूचना नहीं दी जाएगी।
न्यूनतम पासिंग मार्क्स का नियम
दोनों कक्षाओं के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स निर्धारित हैं। प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 25 प्रतिशत अंक और कुल मिलाकर 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। हालांकि एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों पर यह शर्त लागू नहीं होगी।
रिजल्ट फरवरी अंत तक संभव
नोटिफिकेशन के अनुसार परीक्षा परिणाम चार से छह सप्ताह के भीतर जारी किया जाएगा। ऐसे में फरवरी के अंत तक किसी भी दिन परिणाम घोषित होने की संभावना है।
69 नए सैनिक स्कूलों में होगा दाखिला
AISSEE 2026 के जरिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 69 नए मंजूरी प्राप्त सैनिक स्कूलों और 19 स्वीकृत नए सैनिक स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 6 में प्रवेश कैटेगरी ए (40 प्रतिशत रूट) और कैटेगरी बी (60 प्रतिशत रूट) के तहत होगा, जिसमें लड़कियों के लिए भी समान अवसर उपलब्ध हैं। कक्षा 9 में 19 नए सैनिक स्कूलों में प्रवेश उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिन्होंने मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 8 उत्तीर्ण की है।

