ढाका: बांग्लादेश सरकार द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्रसारण से प्रतिबंध हटाने के बावजूद देश में इस टूर्नामेंट का प्रसारण नहीं होगा। इसकी मुख्य वजह ब्रॉडकास्टिंग अधिकारों को लेकर उत्पन्न विवाद है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
जियोस्टार ने खत्म किया ब्रॉडकास्टिंग समझौता
जियोस्टार ने बांग्लादेश के स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर टी स्पोर्ट्स के साथ अपना करार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है।
कंपनी के अनुसार, यह निर्णय “समझौते के तहत तय भुगतान समयसीमा का लगातार पालन न किए जाने” के कारण लिया गया।
इस फैसले का असर केवल IPL तक सीमित नहीं है, बल्कि विमेंस प्रीमियर लीग के प्रसारण पर भी पड़ा है, जिसका अधिकार 2023 से 2027 तक के लिए तय किया गया था।
फिलहाल बांग्लादेश में IPL 2026 के प्रसारण के लिए कोई आधिकारिक ब्रॉडकास्टर मौजूद नहीं है।
मुस्तफिजुर रहमान विवाद से बढ़ा मामला
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 की नीलामी में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।
हालांकि, उस समय बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों के बीच इस फैसले की आलोचना होने लगी। बढ़ते विवाद के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मुस्तफिजुर को IPL से रिलीज कर दिया।
इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने देश में IPL प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे बाद में हटा लिया गया।
दर्शकों के लिए बड़ा झटका
प्रतिबंध हटने के बावजूद ब्रॉडकास्टिंग डील खत्म होने से बांग्लादेश के क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है। अब तक किसी नए प्रसारण साझेदार की घोषणा नहीं की गई है, जिससे IPL 2026 के मैच वहां देख पाना संभव नहीं होगा।

