चेन्नई मेट्रो में बड़ी तकनीकी खराबी, सब-वे में फंसी ट्रेन; यात्रियों को 500 मीटर पैदल निकलना पड़ा

Thecity news
2 Min Read

चेन्नई मेट्रो की ब्लू लाइन में तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन सब-वे में फंस गई। अंधेरा छा जाने पर यात्रियों को 500 मीटर पैदल चलकर हाई कोर्ट स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
चेन्नई मेट्रो में तकनीकी खराबी से हड़कंप, सब-वे में फंसी ट्रेन—यात्रियों को अंधेरे में पैदल निकलना पड़ा

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मंगलवार सुबह काम पर निकलने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। चेन्नई मेट्रो की ब्लू लाइन पर विमको नगर डिपो और चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक मेट्रो में तड़के तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन एक सब-वे के अंदर फंस गई।

खराबी के बाद पूरी मेट्रो में अचानक अंधेरा छा गया, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। बाद में यात्रियों को सुरंग के रास्ते पैदल बाहर निकाला गया।


लगभग 500 मीटर पैदल चले यात्री

जानकारी के अनुसार मेट्रो सेंट्रल मेट्रो और हाई कोर्ट स्टेशन के बीच सब-वे में फंस गई थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें यात्री अंधेरे में रेलिंग पकड़कर कोच में खड़े दिख रहे हैं।

यात्रियों ने बताया कि लगभग 10 मिनट तक ट्रेन के अंदर फंसे रहने के बाद घोषणा की गई कि उन्हें लगभग 500 मीटर पैदल चलकर हाई कोर्ट मेट्रो स्टेशन पहुंचना होगा।

हालांकि चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (CMRL) की ओर से बाद में बताया गया कि स्थिति अब सामान्य हो गई है।


वीडियो भी हुआ वायरल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई वीडियो सामने आए जिसमें यात्री अंधेरे में कोच के अंदर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ वीडियो में लोग सुरंग के अंदर से पैदल बाहर निकलते नजर आए।

यह घटना मेट्रो की सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि खराबी को ठीक कर दिया गया है और सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।

Share This Article