जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बॉडी कैमरों, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी कर रही है।
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और दिल्ली के अन्य इलाकों में पहुंच रहे करीब 400 लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल पर सन्नाटा दिखाई दिया। वहां प्रदर्शनकारियों के बजाय पुलिसकर्मी तैनात थे। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में बैरिकेडिंग की और आसपास के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी।
25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं। इन कैमरों के जरिए प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं की रिकॉर्डिंग की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी की गई है। पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है, जबकि जंतर-मंतर और संवेदनशील इलाकों की ओर जाने वाले कई रास्तों पर बैरिकेडिंग तथा यातायात में बदलाव किए गए हैं।
अभिजीत दिपके के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाई
एक पुलिसकर्मी के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अभिजीत दिपके के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके और पार्टी के अन्य नेताओं के विमान के पहुंचने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर भी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
नई दिल्ली जिले में 20 जोन बनाकर निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। हर जोन की निगरानी आईपीएस स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर 300 से अधिक ऑडियो-वीडियो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
संसद मार्ग थाने के बाहर पुलिस लाउडस्पीकर के जरिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने की जानकारी भी दे रही है। पुलिस का कहना है कि राजधानी में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

