डोंबिवली के पास बड़ा रेल हादसा: खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा, सेंट्रल लाइन पर ट्रैफिक प्रभावित

Thecity news
2 Min Read

सुबह के पीक आवर में हुआ हादसा, 20-25 मिनट की देरी से चल रहीं ट्रेनें, बहाली के प्रयास जारी

मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाली मुंबई की लोकल सेवा सोमवार सुबह उस समय प्रभावित हो गई, जब डोंबिवली के पास एक लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया। यह हादसा सुबह करीब 8:20 बजे हुआ, जिससे सेंट्रल लाइन पर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हो गया।

बताया जा रहा है कि ट्रेन कलवा कार शेड से कल्याण की ओर जा रही थी। घटना ऐसे समय में हुई जब बड़ी संख्या में यात्री अपने काम के लिए घरों से निकल चुके थे, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोई हताहत नहीं, टली बड़ी दुर्घटना

राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त ट्रेन खाली थी। इस कारण किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ट्रैफिक और शेड्यूल पर असर

हादसे के चलते मुंबई की ओर आने वाली कई लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं। कई सेवाओं को रद्द भी करना पड़ा है। स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है और पूरे दिन शेड्यूल प्रभावित रहने की आशंका जताई जा रही है।

बहाली के लिए युद्ध स्तर पर काम

मध्य रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर पटरी से उतरे डिब्बे को वापस ट्रैक पर लाने में जुटी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Share This Article