राजधानी दिल्ली में हाल ही में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन और ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी पीड़ा साझा की। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घायल पुलिसकर्मियों के परिजन भावुक नजर आए। एक पुलिसकर्मी के परिजन ने बताया, “जब मेरे पिता उस दिन ड्यूटी से घर लौटे, तो उनकी खाकी वर्दी पूरी तरह खून से लाल थी। उनके सिर और हाथों पर गंभीर चोटें थीं।”
‘दो साल की बेटी अपने पिता की हालत देखकर सहम गई’
दिल्ली पुलिस के एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) की पत्नी अवनीत कौर ने भी उस दिन की घटना को याद करते हुए कहा, “20 जुलाई की रात जब मेरे पति घायल अवस्था में घर पहुंचे, तो उनकी हालत देखकर मेरी रूह कांप गई। वह दृश्य मेरे और हमारी दो साल की बेटी के लिए बेहद दर्दनाक था। मेरी मासूम बेटी अपने पिता को उस हालत में देखकर सहम गई थी।”
‘वर्दी के पीछे भी एक परिवार होता है’
अवनीत कौर ने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि एक पुलिस अधिकारी सिर्फ वर्दी पहनने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि उसके पीछे एक पूरा परिवार होता है।
उन्होंने कहा, “एक पुलिस अधिकारी की पत्नी, छोटे बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता हर दिन उसके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार करते हैं। ऐसे में हिंसा का सबसे बड़ा असर सिर्फ जवान पर ही नहीं, उसके पूरे परिवार पर पड़ता है।”
परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

