दुनिया के अमीरों की सूची में Gautam Adani और Mukesh Ambani की रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मंगलवार को शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बीच अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जिसका सीधा असर गौतम अडानी की संपत्ति पर पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार उनकी नेटवर्थ में 6.07 अरब डॉलर की कमी आई है।
इस गिरावट के बाद गौतम अडानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 17वें स्थान से खिसककर 18वें पायदान पर पहुंच गए हैं। फिलहाल उनकी कुल संपत्ति 102 अरब डॉलर आंकी गई है।
मुकेश अंबानी टॉप-20 से बाहर
दूसरी ओर Reliance Industries के चेयरमैन मुकेश अंबानी के लिए भी मंगलवार का दिन नुकसानभरा रहा। उनकी दौलत में 2.04 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद उनका नेटवर्थ 89.3 अरब डॉलर रह गया है। इसी के साथ अंबानी दुनिया के टॉप-20 अरबपतियों की सूची से बाहर होकर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
2026 अडानी के लिए शानदार, अंबानी के लिए कमजोर साल
नेटवर्थ के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2026 गौतम अडानी के लिए अब तक काफी फायदेमंद साबित हुआ है। इस साल उनकी कुल संपत्ति में 22.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं मुकेश अंबानी की संपत्ति इसी अवधि में 18.4 अरब डॉलर घट गई है।
माइकल डेल को सबसे बड़ा नुकसान
दुनिया के अरबपतियों में मंगलवार को सबसे बड़ा झटका Michael Dell को लगा। उनकी संपत्ति में करीब 21 अरब डॉलर की भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद उनका नेटवर्थ घटकर 171 अरब डॉलर रह गया और वह अमीरों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए।
एलन मस्क अब भी नंबर-1
Elon Musk दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। हालांकि टेस्ला के शेयरों में गिरावट के चलते उनकी दौलत में 8.35 अरब डॉलर की कमी आई है। इसके बावजूद उनका कुल नेटवर्थ 688 अरब डॉलर बना हुआ है।
टॉप-10 अरबपतियों की सूची में बदलाव
दूसरे स्थान पर मौजूद Larry Page की संपत्ति 1.50 अरब डॉलर घटकर 327 अरब डॉलर रह गई है। वहीं तीसरे स्थान पर Sergey Brin हैं, जिनकी नेटवर्थ में 1.40 अरब डॉलर की कमी आई और यह 304 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
Jeff Bezos चौथे स्थान पर बने हुए हैं। उनकी संपत्ति में 2.64 अरब डॉलर की गिरावट के बाद नेटवर्थ 285 अरब डॉलर रह गया है। पांचवें नंबर पर Larry Ellison हैं, जिनकी संपत्ति 7.42 अरब डॉलर घटकर 242 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
जुकरबर्ग और जेनसेन हुआंग को फायदा
Mark Zuckerberg की दौलत में 1.42 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब उनकी कुल संपत्ति 214 अरब डॉलर हो गई है और वह छठे स्थान पर कायम हैं।
वहीं Jensen Huang ने टॉप-10 सूची में सातवां स्थान हासिल कर लिया है। उनकी संपत्ति 1.20 अरब डॉलर बढ़कर 183 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
जिम वाल्टन की संपत्ति भी बढ़ी
Jim Walton की नेटवर्थ में 2.53 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इसके साथ उनकी कुल संपत्ति 156 अरब डॉलर पहुंच गई और वह दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

