आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में Gujarat Titans ने Sunrisers Hyderabad को 82 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई।
यह जीत गुजरात टाइटंस की आईपीएल इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत बन गई। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह दोहरा झटका साबित हुआ। टीम को न सिर्फ अपनी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी बल्कि आईपीएल इतिहास का सबसे कम ऑलआउट स्कोर भी दर्ज करना पड़ा।
अंक तालिका में नंबर-1 बनी गुजरात टाइटंस
लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने के बाद गुजरात टाइटंस ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टीम के अब 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं। दूसरी ओर, हैदराबाद 12 मैचों में 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई।
रबाडा और होल्डर ने मचाई तबाही
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज Kagiso Rabada ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। वहीं, Jason Holder ने भी 20 रन देकर तीन विकेट लेकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
Mohammed Siraj ने मैच के पहले ही ओवर में मेडन डालते हुए ट्रैविस हेड का बड़ा विकेट लिया। सिराज ने तीन ओवर में सिर्फ 11 रन देकर एक विकेट हासिल किया। हैदराबाद की टीम ने महज 60 रन तक सात विकेट गंवा दिए थे।
SRH की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
Ishan Kishan 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा सिर्फ छह रन ही बना सके। हेनरिक क्लासेन 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नीतिश कुमार रेड्डी भी केवल दो रन ही बना पाए। गुजरात के गेंदबाजों के सामने हैदराबाद का कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका।
सुदर्शन और सुंदर ने संभाली गुजरात की पारी
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की शुरुआत खराब रही। कप्तान Shubman Gill सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए, जबकि Jos Buttler भी सात रन ही बना सके।
इसके बाद Sai Sudharsan और Washington Sundar ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सुदर्शन ने 44 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं सुंदर ने 33 गेंदों में 50 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी निभाई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
आईपीएल में SRH की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार
- 82 रन बनाम गुजरात टाइटंस, अहमदाबाद (2026)
- 80 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता (2025)
- 78 रन बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, चेन्नई (2024)
- 77 रन बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, हैदराबाद (2013)
आईपीएल में गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी जीत
- 82 रन बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, अहमदाबाद (2026)
- 77 रन बनाम राजस्थान रॉयल्स, जयपुर (2026)
- 62 रन बनाम मुंबई इंडियंस, क्वालिफायर-2 (2023)
- 62 रन बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, पुणे (2022)
- 58 रन vs राजस्थान रॉयल्स, अहमदाबाद (2025)

