
चेन्नई/तिरुवनंतपुरम। दक्षिण भारत में इस समय पूर्वोत्तर मानसून पूरी तरह सक्रिय है। तमिलनाडु के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जबकि कुछ जगहों पर धान की फसल पूरी तरह डूब गई है। चेन्नई में गुरुवार को भी सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
साइक्लोन का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य में साइक्लोन का अलर्ट भी जारी किया है। बारिश की वजह से राज्य का सबसे बड़ा मिट्टी डैम भर चुका है। उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने SDRF के साथ बैठक कर रहे हैं। तमिलनाडु में बाढ़ की वजह से 16000 हैक्टेयर खेती की जमीन में पानी भरने से राज्य की 33% फसल तबाह हो गई। सरकार ने कहा है की किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
राज्य आपदा प्रबंधन बल को भी हाई अलर्ट पर
वहीं, केरल में भारी बारिश और तेज हवा के कारण बुधवार को इडुक्की, पलक्कड़, मलप्पुरम और पथनमथिट्टा जिलों में सभी स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई। इसके साथ ही इडुक्की के पहाड़ी इलाकों में रात के समय यात्रा पर रोक लगा दी गई है। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में बुधवार को हुई तेज बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट पानी भर गया। केरल और तमिलनाडु सराकर ने जिला प्रशासन को बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

