भारत के इथेनॉल उद्योग में बढ़ा संकट, 700 करोड़ लीटर अतिरिक्त क्षमता ने बढ़ाई कंपनियों की चिंता

Thecity news
6 Min Read

देश की इथेनॉल उत्पादन क्षमता करीब 20 अरब लीटर पहुंची, जबकि ई20 ब्लेंडिंग के लिए सालाना जरूरत सिर्फ 11 अरब लीटर; कंपनियां नए खरीदार और वैकल्पिक बाजार तलाशने में जुटीं

भारत का इथेनॉल उद्योग जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता यानी ओवरसप्लाई के संकट से जूझ रहा है। इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, देश में करीब 7 अरब लीटर यानी 700 करोड़ लीटर इथेनॉल की अतिरिक्त क्षमता मौजूद है, जिसके लिए फिलहाल पर्याप्त बाजार नहीं है। ऐसे में मैन्युफैक्चरर्स इस अतिरिक्त क्षमता को खपाने के लिए नए खरीदारों और वैकल्पिक बाजारों की तलाश कर रहे हैं।

इंडस्ट्री के अनुसार, सरकार की ओर से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए फ्यूल ब्लेंडिंग को बढ़ावा दिए जाने के बाद पिछले कुछ वर्षों में इथेनॉल उत्पादन क्षमता का तेजी से विस्तार हुआ। हालांकि, क्षमता में यह बढ़ोतरी घरेलू मांग से कहीं अधिक रही। इसका असर यह हुआ कि कई डिस्टिलरीज अपनी कुल क्षमता से काफी कम स्तर पर उत्पादन कर रही हैं।

कहां कितना इस्तेमाल होता है इथेनॉल?

देश की इथेनॉल उत्पादन क्षमता फिलहाल करीब 20 अरब लीटर पहुंच गई है। इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, इस साल इसमें करीब 4 अरब लीटर की और बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं, ई20 फ्यूल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के लिए सालाना करीब 11 अरब लीटर इथेनॉल की जरूरत होती है। शराब, फार्मास्यूटिकल्स और केमिकल्स जैसे नॉन-फ्यूल सेक्टर में करीब 3 से 3.5 अरब लीटर इथेनॉल की खपत होती है। इस हिसाब से करीब 7 अरब लीटर इथेनॉल के लिए फिलहाल स्पष्ट बाजार नजर नहीं आता।

इंडस्ट्री के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, कई डिस्टिलरीज अपनी क्षमता के करीब 60 प्रतिशत पर काम कर रही हैं। अगले तीन वर्षों में भी क्षमता इस्तेमाल 65 से 75 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। अकेले महाराष्ट्र में करीब 2.77 अरब लीटर अतिरिक्त इथेनॉल सप्लाई का अनुमान लगाया गया है।

सरकार ने ई20 के बाद की योजना में किया बदलाव

अगस्त तक सप्लायर्स 2025-26 के लिए फ्यूल ब्लेंडिंग में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को 8.95 अरब लीटर इथेनॉल की सप्लाई कर चुके थे। इस अवधि के लिए करीब 10 अरब लीटर के कॉन्ट्रैक्ट किए गए थे।

ई20 फ्यूल को लेकर उपभोक्ताओं की नाराजगी के बीच सरकार ने ई25 या ई30 जैसे ज्यादा ब्लेंडिंग वाले फ्यूल को अनिवार्य करने की तत्काल योजना पर आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है। मौजूदा रोडमैप के तहत 31 अक्टूबर 2026 तक ई20 पर ही फोकस जारी रहेगा। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को यह भी बताया है कि ई20 कार्यक्रम का दीर्घकालिक असर 2027 तक स्पष्ट हो सकेगा।

ई10, ई20 और ई85 के लिए अलग-अलग कीमतों का सुझाव

इथेनॉल से जुड़े कारोबार में एक समान ब्लेंडिंग के बजाय अलग-अलग ब्लेंड के लिए अलग कीमत तय करने का सुझाव भी सामने आया है। विलो इंडिया के चीफ सेल्स ऑफिसर रवींद्र उत्गीकर के मुताबिक, ई10, ई20 और ई85 जैसे अलग-अलग इथेनॉल ब्लेंड के लिए अलग कीमतें तय की जानी चाहिए।

उनका कहना है कि अमेरिका और ब्राजील में इस तरह की व्यवस्था पहले से काम कर रही है। इससे वाहन मालिक अपनी गाड़ी की उम्र, तकनीक और फ्यूल कम्पैटिबिलिटी के आधार पर ईंधन का विकल्प चुन सकते हैं। साथ ही इससे कुल इथेनॉल खपत बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

नेपाल में नए बाजार की तलाश

इथेनॉल के निर्यात से फिलहाल उद्योग को बहुत बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। भारत में फर्स्ट-जेनरेशन इथेनॉल के निर्यात पर अभी रोक है। सितंबर 2025 से केवल सेकंड-जेनरेशन इथेनॉल के निर्यात को मंजूरी दी गई है।

तंजानिया, अंगोला और केन्या जैसे देशों को सीमित मात्रा में नॉन-फ्यूल इथेनॉल भेजा जाता है। वहीं, ग्रेन इथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन नेपाल के साथ बातचीत कर रहा है। नेपाल 10 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग अनिवार्य करने की योजना बना रहा है, लेकिन वहां फीडस्टॉक और डिस्टिलरी क्षमता की कमी है।

डीजल में इथेनॉल की ब्लेंडिंग से खुल सकता है नया बाजार

इथेनॉल की अतिरिक्त क्षमता को इस्तेमाल करने के लिए सरकार और इंडस्ट्री डीजल के साथ इथेनॉल ब्लेंडिंग की संभावनाओं पर भी विचार कर रहे हैं। प्रज इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष गायकवाड़ के मुताबिक, कंपनी की बायो-आइसोब्यूटेनॉल तकनीक कमर्शियलाइजेशन और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए तैयार है।

उनके अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की मौजूदा तिमाही में पहला ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। पेट्रोल की तुलना में डीजल की मांग अधिक होने के कारण बायो-आईबीए की ब्लेंडिंग भारत के बायोफ्यूल क्षेत्र के लिए एक नया बाजार तैयार कर सकती है।

गायकवाड़ के मुताबिक, डीजल में सिर्फ 2 प्रतिशत बायो-आईबीए ब्लेंडिंग अनिवार्य किए जाने पर भी 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट का अवसर पैदा हो सकता है।

हर लीटर इथेनॉल का इस्तेमाल फ्यूल के तौर पर नहीं होता। शराब, फार्मास्यूटिकल्स और प्रयोगशालाओं में इस्तेमाल होने वाला अनडिनेचर्ड इथेनॉल कुल मांग का करीब 18.7 प्रतिशत हिस्सा है। इससे जुड़े एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल बाजार का आकार 2025 में करीब 3.80 अरब लीटर था और इसमें सालाना लगभग 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा रही है।

Share This Article