भारत 6G तकनीक विकसित करने वाले 24 देशों के समूह का हिस्सा बना, G20 इनोवेशन बैठक में जितिन प्रसाद और अमेरिकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक के बीच हुई अहम बातचीत
5G नेटवर्क के विस्तार के बीच भारत ने अब अगली पीढ़ी की 6G तकनीक की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। भारत अमेरिका के नेतृत्व वाली उस वैश्विक पहल का हिस्सा बन गया है, जिसका उद्देश्य 6G तकनीक के विकास और उससे जुड़ी नई तकनीकों में सहयोग को बढ़ावा देना है।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग के मुताबिक, भारत अब 6G तकनीक विकसित करने वाले 24 अन्य देशों के समूह में शामिल हो गया है। यह समझौता अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित चैपल हिल में आयोजित G20 इनोवेशन मंत्री स्तरीय बैठक के दौरान हुआ।
भारत और अमेरिका के बीच हुई अहम बातचीत
इस बैठक में भारत की ओर से केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अमेरिका के वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इसी बातचीत के बाद भारत के इस वैश्विक गठबंधन में आधिकारिक रूप से शामिल होने पर अंतिम मुहर लगी।
G20 इनोवेशन बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जितिन प्रसाद ने किया। उनके साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अमेरिकी वाणिज्य विभाग के अनुसार, इस पहल का प्रमुख उद्देश्य साझा सुरक्षा हितों को सुनिश्चित करने के साथ-साथ 6G तकनीक के क्षेत्र में इनोवेशन को बढ़ावा देना है। बैठक के अंत में सभी देशों के मंत्रियों ने एक साझा बयान भी जारी किया।
6G से बदल सकता है टेक्नोलॉजी का पूरा परिदृश्य
6G को केवल तेज इंटरनेट तकनीक के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसके आने से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस वैश्विक समूह के जरिए सदस्य देश 6G के क्षेत्र में रिसर्च, इनोवेशन और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर काम करेंगे। साझा मंच से साइबर सुरक्षा और भविष्य की संचार तकनीकों से जुड़े मुद्दों पर भी सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।
सेमीकंडक्टर और AI पर भी हुई चर्चा
जितिन प्रसाद और हावर्ड लटनिक के बीच हुई बैठक में 6G के अलावा सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े डेटा सेंटर जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जितिन प्रसाद ने अमेरिका से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM 2.0) में अधिक निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया। इसके अलावा दोनों देशों के बीच एआई तकनीक साझेदारी को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
जितिन प्रसाद ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सेमीकंडक्टर, एआई और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्र उभरती हुई डिजिटल अर्थव्यवस्था के बुनियादी आधार हैं। उन्होंने अमेरिकी G20 अध्यक्षता को गर्मजोशी भरी मेजबानी के लिए धन्यवाद भी दिया।
टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका
अमेरिका में हुई इन बैठकों से वैश्विक तकनीकी एजेंडे में भारत की बढ़ती भूमिका भी सामने आई है। 6G के साथ भारत एआई, सेमीकंडक्टर और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) जैसी आधुनिक तकनीकों पर भी अपना फोकस बढ़ा रहा है।
इन तकनीकों के जरिए आर्थिक विकास को गति देने और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। वहीं, 6G के विकास के साथ साइबर सुरक्षा और साझा सुरक्षा हितों से जुड़े मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी महत्वपूर्ण होगा।
इस G20 समिट की मेजबानी अमेरिकी वाणिज्य विभाग के साथ व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी (OSTP) ने की। वैश्विक मंच पर भारत की भागीदारी को देश की बढ़ती तकनीकी और रणनीतिक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

