नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारत के रियल एस्टेट बाजार पर भी दिखने लगा है। प्रॉपइक्विटी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में देश के 9 प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत गिरकर 98,761 इकाइयों पर आ गई है।
यह पिछले 18 तिमाहियों में पहली बार है जब बिक्री का आंकड़ा 1 लाख इकाइयों से नीचे आया है।
किन शहरों में दर्ज हुई गिरावट
रिपोर्ट में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहर शामिल हैं।
पिछले वर्ष की समान अवधि में जहां 1,13,602 इकाइयों की बिक्री हुई थी, वहीं इस वर्ष यह घटकर 98,761 इकाइयों पर आ गई।
मुंबई, ठाणे और पुणे में सबसे ज्यादा असर
शहरवार आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में घरों की बिक्री 20 प्रतिशत घटकर 9,186 इकाई रह गई।
नवी मुंबई में 14 प्रतिशत गिरावट के साथ 7,157 इकाइयों की बिक्री हुई, जबकि ठाणे में 24 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और बिक्री 15,959 इकाइयों तक सिमट गई।
पुणे में भी 25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,144 इकाइयों की बिक्री हुई, जबकि कोलकाता में 8 प्रतिशत की कमी के साथ 3,872 इकाइयां बिकीं।
ईरान-इजराइल युद्ध का पड़ा असर
विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान-इजराइल संघर्ष के कारण खरीदारों की धारणा प्रभावित हुई है, जिससे बाजार में मंदी देखने को मिल रही है।
प्रॉपइक्विटी के सीईओ समीर जसूजा के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में आवास क्षेत्र में नरमी बनी रही, हालांकि दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया।
नई परियोजनाओं की आपूर्ति भी घटी
इस तिमाही में नई परियोजनाओं की आपूर्ति में भी गिरावट दर्ज की गई। कुल नई आपूर्ति 19 प्रतिशत घटकर 92,411 इकाइयों पर आ गई, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 1,14,718 इकाइयों थी।
इसके अलावा पिछली तिमाही के मुकाबले नई परियोजनाओं की शुरुआत में भी 8 प्रतिशत की कमी आई है, जो रियल एस्टेट सेक्टर में सुस्ती का संकेत देता है।

