प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान रविवार को नामरूप स्थित असम वैली फर्टिलाइजर एंड केमिकल कंपनी लिमिटेड में यूरिया संयंत्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और किसानों की उपेक्षा करने तथा घुसपैठियों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
प्रधानमंत्री मोदी ने अमोनिया-यूरिया परियोजना के भूमि पूजन के बाद कहा कि आज का दिन असम और पूरे उत्तर-पूर्व भारत के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि नामरूप और डिब्रूगढ़ क्षेत्र का लंबे समय से देखा गया सपना अब साकार हो रहा है और इससे इस पूरे इलाके में औद्योगिक विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को उर्वरक की निरंतर आपूर्ति को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि यह यूरिया संयंत्र उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना में करीब 11,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और इससे हर साल लगभग 12 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का उत्पादन होगा। उनके अनुसार, उत्पादन शुरू होने के बाद आपूर्ति श्रृंखला अधिक मजबूत होगी और परिवहन व रसद लागत में भी बड़ी कमी आएगी।
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हालात इस कदर बिगड़ गए थे कि कई उर्वरक कारखाने बंद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने न तो पुरानी मशीनों को बदलने की कोशिश की और न ही समाधान खोजने की जहमत उठाई, जबकि मौजूदा सरकार ने बंद पड़ी कई इकाइयों को फिर से शुरू किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को न तो असम की चिंता है और न ही असमिया लोगों की पहचान की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ अपने वोट बैंक को मजबूत करने में लगी है और इसी वजह से अवैध प्रवासियों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ही अवैध घुसपैठ की समस्या को जन्म दिया और अब उन्हीं घुसपैठियों को बचाने के लिए SIR प्रक्रिया का विरोध कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि असम को कांग्रेस की वोट बैंक राजनीति से बचाना जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह भाषण सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां उनके संबोधन के वीडियो और बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं।

