नाशिक सेक्स स्कैंडल और कथित एक्सटॉर्शन रैकेट मामले में गिरफ्तार ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात से जुड़े आरोपों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकां) की महिला नेता रूपाली चाकणकर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मामले में एंट्री करते हुए चाकणकर को समन जारी किया है।
एसआईटी पूछताछ के बाद अब ईडी की जांच
रविवार को मामले की जांच कर रही एसआईटी प्रमुख तेजस्वी सातपुते ने रूपाली चाकणकर से करीब 6 घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद अब ईडी ने उन्हें इसी सप्ताह पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी इस मामले में कथित वित्तीय लेनदेन, मनी लॉन्ड्रिंग और एक्सटॉर्शन नेटवर्क की जांच कर रही है।
अशोक खरात पर 70 करोड़ के एक्सटॉर्शन रैकेट का आरोप
गिरफ्तार आरोपी अशोक खरात पर आरोप है कि उसने यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की आड़ में करोड़ों रुपये का एक्सटॉर्शन रैकेट चलाया। जांच एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क के जरिए 70 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली गई।
ईडी को यह भी जानकारी मिली है कि कथित अवैध रकम को खपाने के लिए कई बेनामी बैंक अकाउंट खोले गए थे। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन से रूपाली चाकणकर का कोई संबंध था या नहीं।
रूपाली की बहन से भी हो चुकी है पूछताछ
इससे पहले ईडी ने मामले में रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा से भी पूछताछ की थी। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है।
अशोक खरात की पत्नी कल्पना को कोर्ट से राहत नहीं
शिर्डी जमीन घोटाले से जुड़े मामले में वांटेड अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात को अदालत से फिलहाल राहत नहीं मिली है।
मंगलवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। मामले की अगली सुनवाई अब मई के आखिरी सप्ताह में होगी।
18 मई को कोर्ट में पेश होगा अशोक खरात
प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत विशेष अदालत ने अशोक खरात के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। विशेष न्यायाधीश आर. बी. रोटे ने नाशिक जेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि खरात को 18 मई को अदालत में पेश किया जाए।
ईडी ने अदालत से मांग की थी कि 70 करोड़ रुपये से जुड़े कथित एक्सटॉर्शन और मनी लॉन्ड्रिंग केस में खरात को हिरासत में लेकर आगे पूछताछ की जाए।

