लोहागढ़ किला हत्याकांड में नया दावा, गवाह बोला- सिया और चेतन ने केतन को पहाड़ी से दिया धक्का

Thecity news
4 Min Read

मुख्य गवाह ने दावा किया कि उसने केतन अग्रवाल को पहाड़ी से धक्का दिए जाते देखा था; पुलिस में बयान देने के बाद उसे भी धमकी मिलने का आरोप, मामले में अब तक तीन गवाह सामने आए

पुणे, 28 सितंबर। लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक के बाद एक नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मामले के एक मुख्य गवाह ने दावा किया है कि उसने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को केतन को पहाड़ी से धक्का देते हुए देखा था। गवाह के मुताबिक, घटना के करीब पांच दिन बाद उसने पुलिस से संपर्क कर अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद उसे भी धमकियां मिलने लगीं।

गवाह ने आरोप लगाया कि उसे धमकी देते हुए कहा गया कि केतन के साथ जो हुआ, वही उसके साथ भी किया जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से गवाह की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

चेतन कर रहा था केतन का पीछा

गवाह के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ लोहागढ़ किला घूमने गया था। सीढ़ियों से ऊपर जाते समय उसने केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल को साथ चलते देखा। उसके पीछे चेतन चौधरी भी चल रहा था। गवाह का दावा है कि चेतन ने हुडी पहन रखी थी।

गवाह ने बताया कि उसने चेतन से गर्मी में हुडी पहनने को लेकर सवाल भी किया था। इसके कुछ देर बाद चेतन एक मंदिर के पास बैठ गया, जबकि सिया और केतन आगे चले गए।

गवाह ने धक्का देने का किया दावा

गवाह के मुताबिक, पेट में ऐंठन होने के कारण वह कुछ देर के लिए वहां से अलग हो गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने सिया को चेतन की ओर इशारा करते देखा। इसके बाद, उसके दावे के अनुसार, सिया ने केतन के पैर पर लात मारी और चेतन दौड़कर आया तथा पीछे से केतन को जोर से धक्का दे दिया।

गवाह ने बताया कि इसके बाद उसकी चेतन से बहस भी हुई। जब उसने चेतन से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो कथित तौर पर उसे भी पहाड़ी से नीचे गिराने की धमकी दी गई।

पुलिस से संपर्क के बाद मिली धमकी

गवाह ने बताया कि घर लौटने के बाद उसे बुखार आ गया और शरीर में तेज दर्द होने लगा। घटना की जानकारी मीडिया में आने के बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और अपना बयान दर्ज कराया। इसके बाद कथित तौर पर उसे धमकियां मिलने लगीं।

मामले में एक अन्य गवाह ने भी चेतन से मुलाकात होने का दावा किया है। उसके मुताबिक, जब वह किले पर चढ़ रहा था, तब उसने चेतन को हुडी पहने देखा था और उससे हुडी पहनने की वजह पूछी थी। हालांकि, चेतन ने उस समय कोई जवाब नहीं दिया।

मामले में तीन आरोपी और कई गवाह

पुलिस ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के तौर पर कम से कम 12 टीबी डेटा एकत्र करने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान अब तक तीन गवाहों के सामने आने की बात कही जा रही है।

केतन अग्रवाल की मौत के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के अलावा उसके दोस्त रितेश हंगे को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में घटनाक्रम, गवाहों के बयानों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Share This Article