प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 138वें ‘मन की बात’ में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने, जनगणना और अशोक सिंघल की जन्मशती समेत कई मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
नई दिल्ली, 27 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को हुई सर्जिकल स्ट्राइक को याद किया और कहा कि इसके 10 साल पूरे होने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उस कार्रवाई ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक नया उदाहरण दुनिया के सामने रखा था।
सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने पर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल पहले 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ सीमा पार जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। उन्होंने कहा कि दुनिया ने भारतीय जवानों के इस साहस को देखा और यह कार्रवाई भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का स्पष्ट संदेश बनी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार यह संदेश दिया है कि आतंकवाद का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
पहले सीरियल ब्लास्ट आम बात थे, अब नीति बदली
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय देश में आतंकी हमलों और सीरियल ब्लास्ट की घटनाएं आम बात हो गई थीं। उन्होंने सितंबर 2008 में दिल्ली में हुए सीरियल ब्लास्ट और उसके कुछ सप्ताह बाद मुंबई में हुए 26/11 हमले का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं कर सकता और देश ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
जनगणना का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में जनगणना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनगणना के पहले चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है और 32 करोड़ से अधिक परिवारों का डेटा दर्ज किया जा चुका है।
उन्होंने उत्तराखंड के चमोली स्थित माणा गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां से जनगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। पीएम मोदी ने कहा कि जनगणना हम सभी की राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने 15 अगस्त को भी लोगों से जनगणना के लिए समय निकालने की अपील की थी।
पीएम मोदी ने बताया कि मोबाइल के जरिए सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। उनके मुताबिक, अब तक 2.60 करोड़ से अधिक लोग मोबाइल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर चुके हैं।
अशोक सिंघल की जन्मशती पर पीएम मोदी ने किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल को भी याद किया। 27 सितंबर को उनकी 100वीं जयंती है।
पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के संदर्भ में उन्हें बार-बार अशोक सिंघल की याद आती है।

