दिव्यांगों के उत्थान का संकल्प: ‘नैसर्गिग विकलांग सेवा संघ’ का २३वाँ वार्षिक उत्सव, २० को मिली व्हीलचेयर, सैकड़ों को सहायक सामग्री

Thecity news
2 Min Read

मुंबई, अंधेरी पूर्व। दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु समर्पित संस्था नैसर्गिग विकलांग सेवा संघ ने अपना २३वाँ वार्षिक उत्सव नगरदास रोड, अंधेरी पूर्व स्थित हॉल में गरिमामय वातावरण में मनाया। कार्यक्रम में लगभग २० दिव्यांग बंधुओं को निःशुल्क व्हीलचेयर वितरित की गईं, जबकि सैकड़ों लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक सामग्री प्रदान की गई।
समारोह में अंधेरी पूर्व वार्ड के नवनिर्वाचित नगरसेवक श्री प्रकाश मुसले, श्रीमती ममता पंकज यादव, श्रीमती दिशा संध्या सुनील यादव एवं श्रीमती सुधा सिंह का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साह और संवेदना से भर दिया।


मुख्य अतिथि के रूप में अंधेरी के विधायक मुरजी पटेल उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व उपमहापौर बाबूभाई भवानजी, देवेंद्र तिवारी, गणेश अग्रवाल, अखिलेश सिंह, एडवोकेट सतीश सिंह, पत्रकार शिवकुमार तिवारी, पत्रकार संजय दुबे, अश्विनी जैन, सुशील मिश्रा, प्रभाकर शुक्ला, विकास तिवारी, पंकज मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
संस्था के अध्यक्ष त्रियुगीनाथ दुबे (टी.एन.) ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था पिछले २३ वर्षों से निरंतर दिव्यांग बंधुओं के उत्थान और स्वावलंबन के लिए कार्य कर रही है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे निस्वार्थ भाव से समाजसेवा के पथ पर दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ते रहेंगे।
विधायक मुरजी पटेल ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने अपने वेतन से संस्था को ५१,००० रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए दिव्यांगजनों की सहायता के लिए निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Share This Article