‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में 6,000 से ज्यादा Gen-Z युवाओं से संवाद, पीएम मोदी ने कहा- 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सर्वोपरि; AI और स्किल पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में ₹35,200 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 6,000 से अधिक Gen-Z युवाओं से संवाद किया। ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए वडोदरा आए हैं।
पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास से जुड़ी फाइलें लटकती और भटकती रहती थीं, जबकि आज देश में चिप से लेकर शिप तक का निर्माण हो रहा है।
‘भारत का युवा सच की हुंकार के साथ’
प्रधानमंत्री ने कहा कि झूठ की गूंज हर चौराहे पर सुनाई दे सकती है, लेकिन भारत का युवा सच की हुंकार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा प्रणाली को नए रूप में ढाला जा रहा है और युवाओं के लिए AI में पारंगत होना जरूरी है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज के दौर में सिर्फ डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास स्किल होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को AI के क्षेत्र में सुपरपावर बनना है तो पूरे इकोसिस्टम में बदलाव करना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 में विकसित भारत का लक्ष्य सर्वोपरि रखना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश को विकसित भारत बनाकर ही रहना है।
2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरा
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो सुगम होने के साथ-साथ समय के हिसाब से तेज भी हो। उन्होंने वडोदरा को गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर बताते हुए कहा कि आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं।
उन्होंने बताया कि आज 2,800 किमी से अधिक लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया है। पीएम मोदी ने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
‘2014 तक फाइलें ही यहां से वहां होती रहीं’
प्रधानमंत्री मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को पिछले 12 वर्षों में देश की कार्य संस्कृति में आए बदलाव का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में इसे आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष कंपनी बनाई गई थी।
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 तक इस परियोजना से जुड़ी फाइलें ही एक जगह से दूसरी जगह घूमती रहीं। उन्होंने कहा, “फाइलें मेजों पर यात्रा कर रही थीं और दुर्भाग्य देखिए, इन फाइलों को भी कोई डेडिकेटेड कॉरिडोर नसीब नहीं हुआ।”
उन्होंने कहा कि 2014 में गुजरात और वडोदरा के लोगों ने उन्हें गुजरात से निकालकर दिल्ली भेज दिया और वहां पहुंचने के बाद उन्होंने इस परियोजना को गति देने का काम शुरू किया।
‘7-8 साल में एक किलोमीटर पर भी काम नहीं हुआ’
पीएम मोदी ने कहा कि सच्चाई यह थी कि 7-8 वर्षों में एक किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर पर भी काम नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि अगर उसी गति से देश चलता रहता तो कई पीढ़ियां गुजर जाने के बाद भी यह परियोजना पूरी नहीं हो पाती।
उन्होंने कहा कि भारत की लॉजिस्टिक प्रणाली को बदलने वाली इस परियोजना की स्थिति पहले बेहद खराब थी। 2014 के बाद उनकी सरकार ने इसे गति दी और अब 2,800 किमी से अधिक के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर देश के व्यापार और कारोबार का मुख्य आधार बन रहे हैं। इससे देश की लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और माल परिवहन को अधिक तेज और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

