फर्जी SMS और कॉल के जरिए उपभोक्ताओं को बनाया जा रहा निशाना, जानिए कैसे बचें इस गैस स्कैम से
सरकार द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। जिन इलाकों में PNG पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं के लिए 3 महीने के भीतर PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
इस आदेश के अनुसार, तय समय में PNG कनेक्शन न लेने पर लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) सिलेंडर की सप्लाई बंद की जा सकती है।
हालांकि, इस फैसले के बाद जहां PNG कनेक्शन लेने की रफ्तार बढ़ी है, वहीं साइबर ठगों ने भी इसे नया हथियार बना लिया है।
फर्जी मैसेज और कॉल से हो रही ठगी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धोखाधड़ी खासतौर पर Indraprastha Gas Limited (IGL) के ग्राहकों को निशाना बनाकर की जा रही है।
साइबर अपराधी कंपनी के नाम पर फर्जी SMS या कॉल करते हैं और दावा करते हैं कि आपका गैस कनेक्शन जल्द ही बंद किया जाएगा।
मैसेज में तुरंत बकाया बिल भरने का दबाव बनाया जाता है। घबराहट और जल्दबाजी में कई उपभोक्ता दिए गए फर्जी नंबर या लिंक पर भुगतान कर देते हैं। पेमेंट होते ही वह नंबर बंद हो जाता है और ठग गायब हो जाते हैं।
इन गलतियों से बढ़ता है खतरा
जालसाज खासकर नए PNG यूजर्स, बुजुर्गों और ऑनलाइन पेमेंट से कम परिचित लोगों को निशाना बनाते हैं।
लोग अक्सर कुछ सामान्य गलतियों के कारण ठगी का शिकार हो जाते हैं, जैसे—
- डर या जल्दबाजी में तुरंत भुगतान करना
- अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा करना
- OTP या बैंकिंग डिटेल्स साझा करना
- फर्जी लिंक पर क्लिक करना
- रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करना
ऐसे रहें सुरक्षित
PNG गैस से जुड़े इस साइबर फ्रॉड से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए—
- हमेशा पेमेंट आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ही करें
- SMS या व्हाट्सएप में आए लिंक से भुगतान न करें
- कस्टमर ID और बिल डिटेल्स को पहले वेरिफाई करें
- अनजान नंबर या कॉल पर भरोसा न करें
- भुगतान से पहले रिसीवर का नाम जरूर जांचें
- QR कोड स्कैन करते समय सतर्क रहें
- हर ट्रांजैक्शन की रसीद या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें
PNG कनेक्शन को लेकर बढ़ती अनिवार्यता के बीच उपभोक्ताओं के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है, ताकि सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

