बिना परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन, 10वीं व ITI अंकों के आधार पर मेरिट; आवेदन की अंतिम तिथि 23 मार्च 2026
Railway Recruitment Cell (आरआरसी) ने पश्चिम रेलवे में अप्रेंटिस के 5349 पदों पर बंपर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 21 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन आधिकारिक वेबसाइट https://www.rrc-wr.com के माध्यम से किया जाएगा।
इस भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। खास बात यह है कि इन पदों के लिए न तो कोई लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी और न ही इंटरव्यू होगा। चयन पूरी तरह 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा।
रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने का एक बड़ा फायदा यह भी है कि भविष्य में Railway Recruitment Board द्वारा आयोजित RRB Group D भर्ती में अप्रेंटिस अभ्यर्थियों के लिए 20 प्रतिशत पद आरक्षित रहते हैं।
सबसे अधिक पद फिटर (1614) और इलेक्ट्रिशियन (1217) ट्रेड में हैं। इसके अलावा वेल्डर (532), कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (280), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक (236), डीजल मैकेनिक (207), पेंटर (190), कारपेंटर (184) और रेफ्रिजरेशन एवं एसी मैकेनिक (184) के पद शामिल हैं। अन्य ट्रेड जैसे पाइप फिटर, प्लंबर, वायरमैन, ड्राफ्ट्समैन सिविल, टर्नर, स्टेनोग्राफर, मशीनिस्ट, मोटर व्हीकल मैकेनिक, फोर्जर और हीट ट्रीटर भी इस भर्ती में शामिल किए गए हैं।
मंडलवार पदों की बात करें तो BCT मंडल में 1332, ADI मंडल में 1073, BRC मंडल में 582, RTM मंडल में 492, RJT मंडल में 256, BVP मंडल में 245 पद हैं। इसके अलावा PL वर्कशॉप में 437, DHD वर्कशॉप में 359, MX वर्कशॉप में 146, BVP वर्कशॉप में 181, PRTN वर्कशॉप में 73, SBI इंजीनियरिंग वर्कशॉप में 100, SBI सिग्नल वर्कशॉप में 25 और मुख्यालय कार्यालय में 48 पद निर्धारित किए गए हैं।
योग्यता के तहत अभ्यर्थी का कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित ट्रेड में NCVT से संबद्ध आईटीआई प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। स्टाइपेंड नियमानुसार दिया जाएगा।
आयु सीमा की बात करें तो 23 मार्च 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष से कम होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा में ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष, एससी/एसटी को 5 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है। एससी/एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि निर्धारित समय के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

