रणवीर सिंह पर FWICE का नॉन-कॉपरेशन डायरेक्टिव, डॉन-3 विवाद के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर आए नजर

Thecity news
3 Min Read

डॉन-3 छोड़ने के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद, रणवीर सिंह ने बयान जारी कर तोड़ी चुप्पी

Ranveer Singh इन दिनों फिल्म Don 3 को लेकर विवादों में घिर गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने अभिनेता के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन डायरेक्टिव जारी किया है। इसी बीच मंगलवार सुबह रणवीर सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां वह मास्क और काले चश्मे में नजर आए।

मुंबई एयरपोर्ट पर मास्क और काले चश्मे में दिखे रणवीर

मंगलवार सुबह अभिनेता रणवीर सिंह मुंबई एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने चेहरे पर मास्क और आंखों पर काले रंग का चश्मा लगाया हुआ था। रणवीर अपनी गाड़ी से उतरते हुए नजर आए और उन्होंने सिंपल सफेद कुर्ता-पजामा के साथ काले रंग की नेहरू जैकेट पहन रखी थी।

एयरपोर्ट पर अभिनेता अपने चेहरे को छिपाते हुए दिखाई दिए। उनके साथ सिक्योरिटी गार्ड्स भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

क्या है पूरा विवाद?

खबरों के मुताबिक Federation of Western India Cine Employees ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन डायरेक्टिव जारी करने की जानकारी दी थी।

फेडरेशन का कहना है कि जब तक विवाद का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उसके सदस्य रणवीर सिंह के साथ सहयोग नहीं करेंगे। संस्था ने फिल्म डॉन-3 के निर्माताओं के उस दावे का भी समर्थन किया, जिसमें कथित तौर पर 45 करोड़ रुपए के प्री-प्रोडक्शन नुकसान की बात कही गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार यह नुकसान तब हुआ जब रणवीर सिंह ने कथित रूप से फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही प्रोजेक्ट छोड़ दिया।

रणवीर सिंह ने प्रवक्ता के जरिए जारी किया बयान

एफडब्ल्यूआईसीई की घोषणा के तुरंत बाद रणवीर सिंह की ओर से उनके प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं।

प्रवक्ता के अनुसार, “डॉन-3 से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के दौरान रणवीर सिंह ने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभालना चाहिए।”

‘काम और कमिटमेंट्स पर है पूरा फोकस’

रणवीर सिंह के प्रवक्ता ने आगे कहा कि समय के साथ कई तरह की बातें और अटकलें सामने आई हैं, लेकिन अभिनेता ने कभी भी सार्वजनिक रूप से जवाब देना जरूरी नहीं समझा।

बयान में कहा गया कि रणवीर सिंह का पूरा ध्यान अपने काम और आगामी कमिटमेंट्स पर है तथा ऐसे समय में संयम और शालीनता बनाए रखना उनका व्यक्तिगत निर्णय रहा है।

Share This Article