पति पर शक होने के बाद पत्नी होटल पहुंची, कमरे का दरवाजा खुलते ही सामने आया पूरा मामला; पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है।
रतलाम, 4 अक्टूबर। होटल के एक कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। पत्नी ने पति से सवाल-जवाब किए और फिर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा स्थित प्रेसिडेंट होटल का है। यहां औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में यह घटना हुई। जानकारी के मुताबिक, विजय आचार्य गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। पत्नी ने जब फोन को लेकर सवाल किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
पत्नी का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे पति पर शक हुआ। दो बच्चों की मां पत्नी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और खुद जावरा के प्रेसिडेंट होटल पहुंच गई।
कमरे का दरवाजा खुलते ही मचा हंगामा
पत्नी ने होटल के कमरे में पति को दूसरी युवती के साथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। वायरल वीडियो में पत्नी पति से सवाल करती और अपने प्रेम विवाह का जिक्र करती दिखाई दे रही है।
वीडियो में महिला पति की पिटाई करती भी नजर आ रही है। वह दूसरी युवती से भी सवाल करती है। मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद होने के बावजूद पति-पत्नी के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा।
घटना के बाद पत्नी औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

