सागर में जहरीली शराब का कहर, 11 लोगों की मौत से मचा हड़कंप; छह शराब दुकानें सील

Thecity news
3 Min Read

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा ब्लॉक में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द की बताई जा रही है। शनिवार और रविवार के बीच हुई इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।

जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत

बताया जा रहा है कि बंडा ब्लॉक के नौराज और गूगरा खुर्द गांव में कुछ लोगों ने कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि अन्य प्रभावित लोगों का इलाज कराया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रिय कर दिया है। डॉक्टरों की टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं, ताकि शराब सेवन से प्रभावित किसी अन्य व्यक्ति की समय रहते पहचान की जा सके।

छह मदिरा दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश

घटना के बाद प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की छह मदिरा दुकानों को सील कर दिया गया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना और अधिकारियों को मामले की तत्काल जांच के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

24 से 48 घंटे में शराब पीने वालों से जांच कराने की अपील

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य किसी तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।

उन्होंने कहा कि प्रभावित दोनों गांवों में डॉक्टरों की टीमें स्क्रीनिंग कर रही हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि लक्षण महसूस होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराएं।

प्रशासन ने शुरू की मामले की जांच

जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और प्रभावित लोगों के इलाज की व्यवस्था देखी। मामले में शराब के स्रोत और उसकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article