शेयर बाजार की सपाट शुरुआत, सेंसेक्स फिसला, निफ्टी में मामूली बढ़त

Thecity news
3 Min Read

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत मिले-जुले रुख के साथ हुई। बीएसई सेंसेक्स हल्की गिरावट के साथ खुला, जबकि एनएसई निफ्टी ने मामूली बढ़त दर्ज की। शुरुआती कारोबार में आईटी और ऑटो शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि बैंकिंग और कुछ ब्लूचिप शेयरों पर दबाव बना रहा।

शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 35.40 अंक (0.05 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 77,619.20 पर कारोबार करता नजर आया। वहीं एनएसई निफ्टी 13.25 अंक (0.05 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 24,263.45 पर खुला।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि 13 शेयर लाल निशान में थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 28 में तेजी और 22 में गिरावट दर्ज की गई।

आईटी और ऑटो शेयरों में खरीदारी

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में कमजोरी रही, जबकि लार्जकैप इंडेक्स में हल्की मजबूती देखने को मिली। एनर्जी सेक्टर हरे निशान में कारोबार कर रहा था, जबकि डिफेंस इंडेक्स में गिरावट रही।

बुधवार की तरह गुरुवार को भी ऑटो इंडेक्स सबसे मजबूत सेक्टर रहा और इसमें 514 अंकों से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर बैंकएक्स इंडेक्स दबाव में रहा।

आज के टॉप-5 गेनर्स

  • इन्फोसिस
  • टेक महिंद्रा
  • एचसीएल टेक
  • सन फार्मा
  • टीसीएस

आज के टॉप-5 लूजर्स

  • एक्सिस बैंक
  • भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल)
  • इटर्नल
  • एशियन पेंट्स
  • अडानी पोर्ट्स

अमेरिकी बाजारों पर फेड के फैसले का असर

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला बाजार की उम्मीदों के अनुरूप था। हालांकि, यह फैसला 9-3 के विभाजित मतों से लिया गया, जिसमें तीन सदस्यों ने महंगाई पर नियंत्रण के लिए ब्याज दरें बढ़ाने के पक्ष में मतदान किया।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस विभाजित रुख से भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के संकेत मिले हैं। इसके चलते अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी हुई और इसका असर इक्विटी बाजार पर पड़ा। परिणामस्वरूप एसएंडपी 500 में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

ब्रेंट क्रूड की बढ़ती कीमत बनी चिंता

विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में तकनीकी रूप से तेजी का रुझान दिखाई दे रहा है, लेकिन कुछ वैश्विक कारक इस संभावित ब्रेकआउट में बाधा बन रहे हैं। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत एक बार फिर 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है, जो बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

Share This Article