आरएसएस प्रमुख के युवा सम्मेलन में मौजूद रहने की अटकलों पर शशि थरूर बोले- मैं सलाहकार बोर्ड का अध्यक्ष हूं, लेकिन 6 अगस्त को संसद सत्र के कारण दिल्ली में रहूंगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के मुंबई में आयोजित होने वाले जेन-जी युवा सम्मेलन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच यह खबर भी सामने आई कि कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर इस कार्यक्रम में उनके साथ मंच साझा करेंगे। सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चाओं के बीच अब शशि थरूर ने स्वयं इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
शशि थरूर ने बताया कि वे कार्यक्रम के आयोजक संस्थान इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (IIMUN) के सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि सलाहकार बोर्ड का हिस्सा होने का अर्थ यह नहीं है कि वे संस्था के प्रत्येक कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहें या हर वक्ता के विचारों का समर्थन करें।
शशि थरूर ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए शशि थरूर ने लिखा कि यह किसी राजनीतिक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों का एक मंच है, जहां विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े शिक्षाविदों और विशेषज्ञों को युवाओं से संवाद के लिए आमंत्रित किया जाता है।
उन्होंने कहा, “मैं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में विश्वास करता हूं और 7 तथा 8 अगस्त को होने वाली बोर्ड बैठक और कार्यक्रमों की अध्यक्षता करूंगा। मोहन भागवत 6 अगस्त को छात्रों से संवाद करेंगे, लेकिन उस समय मैं संसद सत्र के कारण दिल्ली में रहूंगा।”
6 अगस्त को होगा युवा सम्मेलन
आईआईएमयूएन की स्थापना के 15 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में 6 अगस्त 2026 को युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन में देश के 100 से अधिक शहरों के स्कूलों और कॉलेजों से 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,000 से अधिक छात्र भाग लेंगे। कार्यक्रम का विषय “द रोल ऑफ यूथ इन यूनाइटिंग द वर्ल्ड, द इंडियन वे” रखा गया है। इस अवसर पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ संवाद करेंगे।
युवाओं से संवाद पर बढ़ी चर्चा
हाल के छात्र आंदोलनों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के बाद जेन-जी की भूमिका पर देशभर में चर्चा तेज हुई है। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन युवाओं को अपनी बात रखने और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तित्वों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने हाल ही में कहा था कि युवाओं से संवाद का स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन यदि इसका नेतृत्व स्वयं युवा प्रतिनिधि करें तो यह और अधिक प्रभावी होगा।

