Special Intensive Revision (SIR): देश के 5 राज्यों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू, BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन; 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित होगी।
कर्नाटक, दिल्ली, महाराष्ट्र, मेघालय और झारखंड में आज से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अभियान अगले एक महीने तक चलेगा, जिसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे और जरूरी जानकारी एकत्र करेंगे।
29 जुलाई तक घर-घर होगा सत्यापन
चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, 30 जून से 29 जुलाई तक BLO घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र दिया जाएगा, जिसमें एक फॉर्म भरकर वापस जमा करना अनिवार्य होगा।
अगर कोई घर बंद मिलता है, तो BLO कम से कम तीन बार वहां पहुंचने का प्रयास करेंगे। मतदाताओं को फॉर्म भरकर रसीद प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
मतदाता सूची का पूरा शेड्यूल तय
SIR प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने पूरा टाइमलाइन जारी किया है:
- 29 जुलाई 2026: घर-घर सत्यापन कार्य समाप्त
- 5 अगस्त 2026: प्रारूप (Draft) मतदाता सूची का प्रकाशन
- 5 अगस्त – 4 सितंबर: दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि
- 3 अक्टूबर 2026: सभी आपत्तियों का निपटारा
- 7 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची (Final Electoral Roll) का प्रकाशन
गलत जानकारी देना दंडनीय अपराध
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन्यूमरेशन फॉर्म में गलत जानकारी देना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत दंडनीय अपराध है।
आयोग के अनुसार, अपात्र व्यक्तियों जैसे कि मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या गैर-भारतीय नागरिकों के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
पात्र और अपात्र मतदाताओं पर विशेष फोकस
चुनाव आयोग ने निर्देश दिए हैं कि:
- कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए
- कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं होना चाहिए
- विदेशी नागरिक या नागरिकता छोड़ चुके व्यक्ति को फॉर्म नहीं भरना चाहिए
- ऐसे लोग फॉर्म प्राप्त होने पर बिना भरे BLO को वापस कर दें
दिल्ली में डिमोलिशन प्रभावित लोगों पर विशेष योजना
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि डिमोलिशन से प्रभावित लोगों को अलग तरीके से हैंडल किया जाएगा। उनके लिए विशेष योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके लिए कोई स्थायी नीति नहीं है, लेकिन वे बाद में Form 6 के जरिए अपना नया पता अपडेट कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग डिमोलिशन के कारणों में हस्तक्षेप नहीं करेगा।
राज्यों में BLO की तैनाती
SIR अभियान के लिए विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में BLO तैनात किए गए हैं:
- कर्नाटक: 68,123 अधिकारी (59,050 BLO)
- दिल्ली: 13,000+ BLO
- झारखंड: लगभग 32,000 BLO
- महाराष्ट्र: 1 लाख से अधिक BLO
- मेघालय: 3,000+ BLO
राज्यों में कुल मतदाता संख्या
महाराष्ट्र
- कुल मतदाता: 9,70,25,119
- पुरुष: 4.93 करोड़
- महिला: 4.60 करोड़
- थर्ड जेंडर: 5,944
कर्नाटक
- कुल मतदाता: 5,52,10,230
- पुरुष: 2.75 करोड़
- महिला: 2.76 करोड़
- थर्ड जेंडर: 5,095
दिल्ली
- कुल मतदाता: 1,45,10,298
- पुरुष: 77,11,132
- महिला: 67,98,142
- थर्ड जेंडर: 1,024
झारखंड
- कुल मतदाता: 2,61,00,936
- पुरुष: लगभग 1.33 करोड़
- महिला: 1.28 करोड़
मेघालय
- कुल मतदाता: 23,06,384
- पुरुष: 11,37,316
- महिला: 11,69,062
- थर्ड जेंडर: 6
चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

