Sovereign Gold Bond: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2021-22 सीरीज VI के प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के लिए कीमत तय कर दी है। इस सीरीज में 7 सितंबर 2021 को निवेश करने वाले निवेशक 7 सितंबर 2026 से अपने बॉन्ड को समय से पहले भुना सकेंगे। करीब पांच साल के दौरान सोने की कीमत में तेज बढ़ोतरी के चलते निवेशकों को शानदार रिटर्न मिला है।
5 साल में निवेश पर मिला 228 फीसदी रिटर्न
जब सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की 2021-22 सीरीज VI जारी हुई थी, तब ऑनलाइन निवेश करने वालों के लिए इसकी कीमत 4,682 रुपये प्रति ग्राम तय की गई थी। वहीं ऑफलाइन माध्यम से खरीदारी करने वाले निवेशकों के लिए इश्यू प्राइस 4,732 रुपये प्रति ग्राम था।
सरकार ने ऑनलाइन आवेदन करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट दी थी। अब प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के लिए प्रति यूनिट कीमत 15,334 रुपये तय की गई है। इस हिसाब से ऑनलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम 10,652 रुपये का लाभ हो रहा है।
इस तरह शुरुआती इश्यू प्राइस के मुकाबले निवेशकों को करीब 228 फीसदी का रिटर्न मिला है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी निवेशक ने इस बॉन्ड में शुरुआत के समय 1 लाख रुपये लगाए थे, तो मौजूदा रिडेम्पशन कीमत के आधार पर उसके निवेश की वैल्यू करीब 3.28 लाख रुपये हो गई है।
कैसे तय हुई 15,334 रुपये की रिडेम्पशन कीमत?
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की रिडेम्पशन कीमत सीधे बाजार में किसी एक दिन के सोने के भाव के आधार पर तय नहीं होती है। इसके लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ओर से जारी 999 शुद्धता वाले सोने की कीमतों को आधार बनाया जाता है।
रिडेम्पशन की तारीख से ठीक पहले के तीन कारोबारी दिनों की क्लोजिंग कीमतों का साधारण औसत निकाला जाता है। 2021-22 सीरीज VI के लिए 2 सितंबर, 3 सितंबर और 4 सितंबर 2026 की क्लोजिंग कीमतों के आधार पर औसत निकालकर 15,334 रुपये प्रति यूनिट की रिडेम्पशन कीमत तय की गई है।
सोने की कीमत बढ़ने के साथ ब्याज का भी फायदा
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश का फायदा केवल सोने की कीमत बढ़ने से मिलने वाले रिटर्न तक सीमित नहीं है। इन सरकारी प्रतिभूतियों पर निवेशकों को निश्चित ब्याज भी मिलता है।
SGB निवेशकों को शुरुआती निवेश राशि पर सालाना 2।50 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलता है। यह ब्याज हर छह महीने में निवेशक के बैंक खाते में जमा किया जाता है। इस तरह निवेशकों को सोने की कीमत में बढ़ोतरी के साथ नियमित ब्याज आय का भी फायदा मिलता है।
SGB क्या है और कैसे काम करता है?
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड भारत सरकार की ओर से जारी की जाने वाली प्रतिभूतियां हैं। इनमें निवेश करने पर निवेशक को फिजिकल गोल्ड अपने पास रखने की जरूरत नहीं होती। बॉन्ड की कीमत सोने के बाजार मूल्य से जुड़ी होती है और इसकी यूनिट ग्राम में होती है।
SGB में आम तौर पर आठ साल की मैच्योरिटी अवधि होती है, हालांकि नियमों के तहत पांचवें साल के बाद ब्याज भुगतान की तारीखों पर समय से पहले रिडेम्पशन का विकल्प मिलता है। मैच्योरिटी या रिडेम्पशन के समय निवेशक को लागू नियमों के अनुसार सोने के मूल्य के आधार पर रकम प्राप्त होती है।
इस सीरीज के निवेशकों के लिए 7 सितंबर 2026 महत्वपूर्ण तारीख है, क्योंकि इसी दिन से पांच साल पूरे होने के बाद प्रीमैच्योर रिडेम्पशन का विकल्प उपलब्ध होगा।

