स्टार्टअप और इंडस्ट्री के साथ पीएचडी का मौका, AICTE ने शुरू किया नया फेलोशिप कार्यक्रम

Thecity news
5 Min Read

देश में पहली बार शोधार्थियों को स्टार्टअप और इंडस्ट्री के साथ मिलकर पीएचडी करने का अवसर मिलेगा। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने नवाचार आधारित शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवाचार एवं उद्यमिता डॉक्टोरल फेलोशिप कार्यक्रम (AIEDFP) को मंजूरी दी है। पांच साल की अवधि वाले इस कार्यक्रम के लिए 245 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है। इसके तहत कुल 150 पीएचडी फेलोशिप प्रदान की जाएंगी।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समस्या आधारित और अनुप्रयोग केंद्रित शोध को बढ़ावा देना है, ताकि शोध को वास्तविक जीवन की जरूरतों और उद्योग की चुनौतियों से जोड़ा जा सके। नवाचार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, व्यावसायीकरण और सामाजिक प्रभाव की संभावनाओं वाले शोध प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी। तकनीकी के साथ-साथ गैर-तकनीकी क्षेत्रों में भी बहुविषयक और अंतर्विषयक शोध को प्रोत्साहित किया जाएगा।

पांच साल तक मिलेगी फेलोशिप, 10 लाख रुपये तक अतिरिक्त अनुदान

चयनित शोधार्थियों को अधिकतम पांच वर्षों तक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। पहले तीन वर्षों के दौरान 60 हजार रुपये प्रतिमाह और अगले दो वर्षों में 70 हजार रुपये प्रतिमाह फेलोशिप दी जाएगी। इसके अलावा नियमानुसार एचआरए का लाभ भी मिलेगा।

शोधार्थियों को नवाचार से जुड़ी गतिविधियों के लिए अलग से 10 लाख रुपये तक का अनुदान मिल सकेगा। इस राशि का इस्तेमाल प्रोटोटाइप तैयार करने, परीक्षण, क्षेत्रीय परीक्षण, डाटा संग्रह और अन्य शोध एवं नवाचार गतिविधियों में किया जा सकेगा।

उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच मजबूत होगा सहयोग

AIEDFP के तहत उद्योग, स्टार्टअप, शोध संस्थानों और इनक्यूबेटरों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसके जरिए शोधार्थियों को वास्तविक औद्योगिक और सामाजिक समस्याओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में 6 से 12 महीने तक के वैकल्पिक औद्योगिक अनुभव का भी प्रावधान किया गया है।

इस दौरान शोधार्थी अनुसंधान एवं विकास, प्रोटोटाइप निर्माण, परीक्षण, सत्यापन और क्षेत्रीय परीक्षण जैसी गतिविधियों में सीधे भाग ले सकेंगे। इससे शोध के परिणामों को वास्तविक परिस्थितियों में परखने और उन्हें उपयोगी तकनीक या उत्पाद में बदलने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पेटेंट और स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम के जरिए शोध के परिणामों को केवल अकादमिक स्तर तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। इससे पेटेंट, प्रोटोटाइप, तकनीकी हस्तांतरण, व्यावसायीकरण और बाजार उपयोगी नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही शोधार्थियों को स्टार्टअप शुरू करने और अपने शोध को उद्यमिता से जोड़ने के अवसर भी मिलेंगे। इससे उच्च शिक्षा संस्थानों में नवाचार और उद्यमिता पर आधारित शोध का माहौल मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

NIRF के टॉप-150 संस्थानों को मिलेगा अवसर

कार्यक्रम के तहत NIRF की टॉप-150 रैंकिंग वाले कॉलेजों के अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस और पर्याप्त शोध सुविधाओं वाले संस्थानों को पीएचडी कार्यक्रम संचालित करने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए उच्च गुणवत्ता वाले शोध को उद्योग और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने की योजना है।

AIEDFP का एक प्रमुख लक्ष्य उद्योग की जरूरतों के अनुरूप शोध को बढ़ावा देना और उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करना है। इसके साथ ही प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, व्यावसायीकरण और बौद्धिक संपदा आधारित उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति होगी मजबूत

एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो। योगेश सिंह के अनुसार, यह कार्यक्रम उच्च शिक्षण संस्थानों में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप शोध को बढ़ावा देने के साथ उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत किया जाएगा।

इसके अलावा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और व्यावसायीकरण को गति देने तथा बौद्धिक संपदा आधारित उद्यमिता के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर भी जोर रहेगा। इससे देश में शोध को रोजगार, स्टार्टअप और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article