SSC CGL 2026 में बड़ा बदलाव, अब हर सेक्शन के लिए अलग समय सीमा; 12,256 पदों पर होगी भर्ती

Thecity news
4 Min Read

Staff Selection Commission ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल यानी SSC CGL Examination 2026 भर्ती परीक्षा में बड़ा बदलाव करते हुए पहली बार सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा के प्रत्येक सेक्शन के लिए तय समय के भीतर ही सवाल हल करने होंगे। आयोग ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के कुल 12,256 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पहली बार लागू हुई सेक्शनल टाइमिंग

अब तक एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा में उम्मीदवार पूरे एक घंटे में किसी भी सेक्शन को अपनी सुविधा अनुसार समय दे सकते थे। लेकिन नए नियम के तहत अब प्रत्येक सेक्शन के लिए अलग-अलग समय सीमा तय कर दी गई है।

टियर-1 परीक्षा में चार सेक्शन होंगे — जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कंप्रिहेंशन। प्रत्येक सेक्शन में 25 प्रश्न होंगे और उन्हें हल करने के लिए केवल 15 मिनट का समय मिलेगा। पूरी परीक्षा कुल एक घंटे की होगी।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण 15 मिनट पूरे होते ही स्क्रीन स्वतः अगले सेक्शन पर चली जाएगी।

टियर-2 परीक्षा में भी बदला पैटर्न

आयोग ने टियर-2 परीक्षा में भी विषयवार समय सीमा निर्धारित कर दी है।

सेक्शन-1

  • मैथ्स के 30 प्रश्न: 30 मिनट
  • रीजनिंग के 30 प्रश्न: 30 मिनट

सेक्शन-2

  • इंग्लिश के 45 प्रश्न: 40 मिनट
  • जनरल अवेयरनेस के 25 प्रश्न: 20 मिनट

सेक्शन-3

  • कंप्यूटर नॉलेज के 20 प्रश्न: 15 मिनट

पहले उम्मीदवार पूरे पेपर में अपनी सुविधा के अनुसार समय बांट सकते थे, लेकिन अब हर विषय के लिए निश्चित समय रहेगा।

12,256 पदों पर होगी भर्ती

एसएससी सीजीएल 2026 के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संवैधानिक निकायों और ट्रिब्यूनलों में ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के 12,256 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इन पदों में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सीबीआई सब-इंस्पेक्टर, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर, ऑडिटर, टैक्स असिस्टेंट, यूडीसी और पोस्टल असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 21 मई 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 22 जून 2026 रात 11 बजे तक
  • फीस जमा करने की अंतिम तिथि: 23 जून 2026
  • करेक्शन विंडो: 29 जून से 1 जुलाई 2026
  • टियर-1 परीक्षा: अगस्त-सितंबर 2026
  • टियर-2 परीक्षा: दिसंबर 2026

आयु सीमा और योग्यता

ग्रुप बी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 32 वर्ष तक तय की गई है, जबकि ग्रुप सी पदों के लिए 18 से 27 वर्ष तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

सामान्य पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य है। वहीं जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर और स्टैटिस्टिकल इन्वेस्टिगेटर जैसे पदों के लिए गणित, सांख्यिकी, अर्थशास्त्र या डेटा साइंस जैसे विषयों की विशेष योग्यता मांगी गई है।

ऐसे बनेगी फाइनल मेरिट

अंतिम मेरिट सूची टियर-2 परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन और उनकी पद व विभाग प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन संबंधित विभाग द्वारा किया जाएगा।

गौरतलब है कि एसएससी सीजीएल परीक्षा देश की सबसे लोकप्रिय सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल है। वर्ष 2025 में इसके लिए 28.15 लाख और 2024 में 36.73 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।

Share This Article