तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। फिल्म स्टार से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने स्थापना के महज 2 साल के भीतर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली है। अब सरकार गठन की दिशा में पार्टी तेजी से आगे बढ़ रही है, जहां कांग्रेस का समर्थन लगभग तय माना जा रहा है।
कांग्रेस का समर्थन, वर्चुअल बैठक में बनी सहमति
कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने मंगलवार रात एक अहम वर्चुअल बैठक कर TVK के साथ संभावित गठबंधन पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में समर्थन का प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
राज्य में 5 सीट जीतने वाली कांग्रेस सरकार में हिस्सेदारी के तौर पर 2 कैबिनेट पद और कुछ बोर्डों की अध्यक्षता की मांग रख सकती है।
विजय ने खड़गे को लिखा पत्र, आज हो सकती है घोषणा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे को समर्थन के लिए पत्र भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को कांग्रेस की ओर से समर्थन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेस विधायक पनयूर में विजय से मुलाकात कर गठबंधन को अंतिम रूप दे सकते हैं।
कांग्रेस हाईकमान ने राज्य इकाई को दी जिम्मेदारी
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि TVK प्रमुख विजय ने सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा है।
उन्होंने यह भी बताया कि विजय ने अपने राजनीतिक मिशन में के कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है।
हाईकमान ने अंतिम फैसला लेने की जिम्मेदारी राज्य इकाई को सौंप दी थी।
वामदल और VCK से भी संपर्क, IUML ने किया इनकार
TVK ने समर्थन जुटाने के लिए विदुथलाई चिरुथिगल काची, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से भी संपर्क साधा है।
इन पार्टियों के पास 2-2 विधायक हैं। हालांकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने समर्थन देने से इनकार कर दिया है और विपक्ष में रहने का फैसला किया है।
AIADMK में हलचल, पार्टी में टूट के संकेत
इस बीच भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम भी TVK के साथ गठबंधन की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, AIADMK के करीब 35 विधायक चेन्नई में एकत्र हुए हैं, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष और संभावित टूट के संकेत मिल रहे हैं।
7 मई को शपथ ग्रहण संभव
सूत्रों के अनुसार, विजय 7 मई को चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ 9 मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है।
तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है, जबकि TVK ने 108 सीटें जीती हैं। ऐसे में कांग्रेस और अन्य छोटे दलों के समर्थन से सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है।

