उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम 25 से 29 अप्रैल के बीच घोषित होने की संभावना है। बोर्ड की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
मूल्यांकन में देरी के बाद तय हो रही नई तारीख
पिछले साल जहां कॉपियों का मूल्यांकन 1 अप्रैल तक पूरा हो गया था और रिजल्ट 25 अप्रैल को जारी हुआ था, वहीं इस साल मूल्यांकन 4 अप्रैल तक चला। ईद और राम नवमी के अवकाश के चलते जांच प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई, जिसके कारण रिजल्ट की संभावित तारीख 25 से 29 अप्रैल के बीच मानी जा रही है।
10 अप्रैल तक कर सकेंगे विवरण में संशोधन
बोर्ड ने छात्रों को नाम, माता-पिता का नाम, जेंडर और विषय जैसे विवरण में सुधार के लिए 10 अप्रैल तक का अंतिम मौका दिया है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि इस तारीख के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद सभी क्षेत्रीय कार्यालयों से प्रमाण पत्र लिया जाएगा कि कोई भी संशोधन लंबित नहीं है।
कहां और कैसे चेक करें रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट UPMSP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे। इसके अलावा अन्य विश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर भी रिजल्ट उपलब्ध रहेगा।
रिजल्ट चेक करने के आसान स्टेप्स:
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- 10वीं या 12वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें
- रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें
- स्क्रीन पर रिजल्ट देखें
- डाउनलोड या प्रिंट निकाल लें
साइबर ठगी से रहें सावधान
रिजल्ट के दौरान साइबर ठग सक्रिय हो जाते हैं और नंबर बढ़ाने के नाम पर ठगी करने की कोशिश करते हैं। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ईमेल पर भरोसा न करें।
UPMSP कभी भी छात्रों से व्यक्तिगत संपर्क नहीं करता। किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत जिला विद्यालय निरीक्षक को दें या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

