‘विरोश’ ने फैंस के लिए भेजे प्यार और मिठास से भरे ट्रक, 1 मार्च को 14 राज्यों में होगा वितरण
उदयपुर: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, जिन्हें उनके प्रशंसक प्यार से ‘विरोश’ कहते हैं, अपनी शादी के बाद एक खास पहल को लेकर चर्चा में हैं। अरावली की वादियों के बीच उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधने के बाद इस जोड़ी ने अपनी खुशियों को देशभर के प्रशंसकों के साथ साझा करने का फैसला किया है।
देशभर में मिठाइयों के ट्रक भेजेंगे विजय-रश्मिका
विजय और रश्मिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए घोषणा की कि वे अपनी शादी की खुशी में पूरे भारत के अलग-अलग शहरों में मिठाइयों और भोजन से भरे ट्रक भेजेंगे। यह पहल उनके फैंस के प्रति आभार और प्रेम व्यक्त करने का एक अनोखा तरीका है।
पोस्ट में उन्होंने लिखा, “इस देश के खूबसूरत लोगों के नाम। आप हमेशा से हमारे सफर और हमारे प्यार का हिस्सा रहे हैं। अपनी शादी का जश्न आप सभी के साथ मनाना हमें बेहद खुशी देगा। भारत हर चीज का जश्न कैसे मनाता है? मिठाई और खाने के साथ।”
1 मार्च को देशभर में बंटेंगी खुशियां
इस खास पहल के तहत 1 मार्च को कुल 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मिठाइयों का वितरण किया जाएगा। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी शामिल हैं।
मंदिरों में शुरू हुआ अन्नदान
इसके अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह से ही भोजन वितरण (अन्नदान) की सेवा शुरू हो चुकी है। यह कदम उनकी शादी को सामाजिक सेवा और आशीर्वाद के साथ जोड़ने का प्रतीक माना जा रहा है।
अरावली की वादियों में शादी, अब देशभर में जश्न
26 फरवरी को विजय और रश्मिका ने बेहद निजी समारोह में एक-दूसरे का हाथ थामा। इस समारोह में केवल परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी की तस्वीरें और एक-दूसरे के लिए लिखे गए भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
अब इस नई शुरुआत को यादगार बनाने के लिए दोनों सितारों ने देशभर में मिठाइयां बांटकर अपने प्रशंसकों के साथ खुशियां साझा करने का अनोखा फैसला लिया है।

