Women’s Asia Cup 2026: बांग्लादेश ने UAE को 34 रन से हराया, सेमीफाइनल में भारत से होगा मुकाबला

Thecity news
3 Min Read

बांग्लादेश ने महिला एशिया कप 2026 के 12वें मुकाबले में यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस जीत के साथ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। बांग्लादेश अब 10 सितंबर को सेमीफाइनल-1 में भारतीय टीम का सामना करेगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।

बांग्लादेश ने बनाए 103 रन

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरी गेंद पर दिलारा अख्तर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद 8 रन के स्कोर पर शोभना मोस्तरी भी 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

कप्तान निगार सुल्ताना ने जुवैरिया फिरदौस के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की। फिरदौस ने 20 गेंदों में 16 रन बनाए। इसके बाद निगार ने शर्मिन अख्तर के साथ 15 रन जोड़े। निगार 28 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुईं।

52 रन तक बांग्लादेश ने चार विकेट गंवा दिए थे, जबकि 55 रन के स्कोर तक टीम के छह विकेट गिर चुके थे। इसके बाद नाहिदा अख्तर और शर्मिन अख्तर ने पारी को संभाला। दोनों ने 43 गेंदों में 42 रन की अहम साझेदारी की। बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 103 रन बनाए।

शर्मिन ने खेली अहम पारी

शर्मिन अख्तर ने 31 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। नाहिदा अख्तर 26 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूएई की ओर से सुरक्षा कोट्टे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट लिए।

इंदुजा नंदकुमार ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अर्चरा सुप्रिया और जननी तिरुक्कुमारन को 1-1 सफलता मिली।

69 रन ही बना सका UAE

104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी। तीर्था सतीश ने 11 और हीना होटचंदानी ने 18 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी।

बांग्लादेश की ओर से राबिया खान ने 3 विकेट लिए। मारुफा अख्तर और नाहिदा अख्तर को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुल्ताना खातून और फहिमा खातून ने 1-1 विकेट हासिल किया।

अब भारत से होगी भिड़ंत

यूएई के खिलाफ जीत के साथ बांग्लादेश ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 10 सितंबर को सेमीफाइनल-1 में बांग्लादेश का सामना भारतीय टीम से होगा। वहीं, 11 सितंबर को सेमीफाइनल-2 में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी।

Share This Article