बैंकिंग और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी, एचसीएल टेक, टीसीएस और इन्फोसिस टॉप गेनर्स में शामिल
भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मजबूत शुरुआत की। घरेलू और वैश्विक सकारात्मक संकेतों के दम पर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 664.04 अंक (0.87%) की तेजी के साथ 77,405.86 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 219 अंक (0.91%) चढ़कर 24,181.80 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल तीन शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में मिडकैप, स्मॉलकैप और लार्जकैप तीनों श्रेणियों के शेयरों में खरीदारी का माहौल देखने को मिला। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी ऑटो और बैंकिंग सेक्टर ने बाजार की तेजी को मजबूती दी। बैंकिंग इंडेक्स 600 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि ऑटो इंडेक्स में 450 अंकों से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। आईटी शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार का रुख सकारात्मक बना रहा।
आज के कारोबार में एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे अधिक बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। वहीं भारती एयरटेल, सन फार्मा, इटर्नल, टाइटन और आईटीसी दबाव में कारोबार करते नजर आए।
विश्लेषकों के मुताबिक बाजार को कई सकारात्मक संकेतों का समर्थन मिला है। गिफ्ट निफ्टी में करीब 120 अंकों की तेजी, अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूती, डॉलर इंडेक्स में कमजोरी, एशियाई बाजारों में बढ़त और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। हालांकि, पिछले कारोबारी सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 532 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 2,057 करोड़ रुपये की खरीदारी की, जिससे बाजार को मजबूती मिली।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट नंदीश शाह के अनुसार, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि एडवांस-डिक्लाइन रेशियो 2.20 तक पहुंचना बाजार में मजबूत रिकवरी का संकेत है। साथ ही अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 16 पैसे की मजबूती भी बाजार के लिए सकारात्मक रही। उनका मानना है कि जब तक निफ्टी 23,800 के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार पर बुल्स का दबदबा कायम रहेगा, जबकि 24,200 का स्तर प्रमुख रेजिस्टेंस साबित हो सकता है।
वैश्विक बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, सोल, बैंकॉक और जकार्ता के शेयर बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाओ जोंस 0.27 प्रतिशत और नैस्डैक 1.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जिसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।

