बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल और इमरान हाशमी की टक्कर, ‘बंटवारा 1947’ या ‘आवारापन 2’ कौन मारेगा बाजी?

Thecity news
4 Min Read

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में दो बड़ी बॉलीवुड फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिल रहा है। सनी देओल और प्रीति जिंटा लंबे समय बाद फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के साथ पर्दे पर लौटे हैं, जबकि इमरान हाशमी अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल ‘आवारापन 2’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर उतरे हैं। दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन एडवांस बुकिंग के आंकड़े ‘आवारापन 2’ को शुरुआती बढ़त देते नजर आ रहे हैं।

एडवांस बुकिंग के सुस्त रिस्पॉन्स से बढ़ा सस्पेंस

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले तैयार फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर लंबे समय से चर्चा बनी हुई थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस ट्रैकर के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म को उम्मीद के मुताबिक एडवांस बुकिंग नहीं मिल सकी है।

रिलीज से ठीक पहले तक फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 1.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा करीब 3.70 से 3.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने रिलीज से पहले करीब 8.83 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हासिल कर ली थी।

पहले दिन की कमाई को लेकर क्या कहते हैं आंकड़े

एडवांस टिकट बिक्री को देखते हुए फिल्म विश्लेषकों का अनुमान है कि ‘बंटवारा 1947’ पहले दिन 8 से 10 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग कर सकती है। अगर दोपहर और शाम के शोज में वॉक-इन ऑडियंस और स्पॉट बुकिंग मजबूत रहती है तो फिल्म का कलेक्शन दोहरे आंकड़े तक पहुंच सकता है।

वहीं ‘आवारापन 2’ की एडवांस बुकिंग में मिली बढ़त को देखते हुए पहले दिन की कमाई की रेस में इमरान हाशमी की फिल्म आगे रहने की संभावना जताई जा रही है।

टॉप ए रेटेड ओपनर्स की लिस्ट में मिलेगी जगह?

सेंसर बोर्ड ने ‘बंटवारा 1947’ को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है और फिल्म का रन टाइम 2 घंटे 25 मिनट है। अगर फिल्म 10 से 12 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने में सफल रहती है तो यह बॉलीवुड की टॉप ‘ए’ रेटेड ओपनर फिल्मों की सूची में जगह बना सकती है।

फिलहाल इस सूची में ‘राज 3’ और ‘वीरे दी वेडिंग’ जैसी फिल्में शामिल हैं। सनी देओल की दमदार एक्टिंग और बंटवारे के संवेदनशील मुद्दे पर आधारित कहानी फिल्म के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अहम भूमिका निभा सकती है।

माउथ पब्लिसिटी और वीकेंड तय करेगा असली विजेता

‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन का कलेक्शन ही अंतिम तस्वीर तय नहीं करता।

शनिवार और रविवार को दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी यह तय करने में अहम भूमिका निभाएगी कि लंबी रेस में कौन सी फिल्म आगे निकलती है। स्वतंत्रता दिवस की लंबी छुट्टियों का फायदा दोनों फिल्मों को मिलने की उम्मीद है।

Share This Article