वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, आजमगढ़ के यात्री समेत 2 लोग घायल

Thecity news
3 Min Read

मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे आजमगढ़ के एक यात्री की पिस्टल से जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद पास मौजूद एक युवक और महिला को जा लगी। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले आजमगढ़ निवासी एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद पास मौजूद एक युवक के हाथ और एक महिला की जांघ में जा लगी।

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

हथियार और मैगजीन पहले ही की गई थी डिक्लेयर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ का रहने वाला यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री ने अपने पास मौजूद पिस्टल और मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को पहले ही डिक्लेयर कर दी थी।

इसके बाद एयरपोर्ट पर हथियार और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली पहले जमीन से टकराई और फिर पास खड़े युवक के हाथ तथा महिला की जांघ में जा लगी।

हथियार की जांच के दौरान चली गोली

वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता के मुताबिक, हथियार और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गई। उस समय हथियार का मालिक और एयरपोर्ट स्टाफ दोनों मौके पर मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि गोली लगने से एक महिला और एक पुरुष स्टाफ घायल हुए हैं। दोनों की हालत सामान्य है और उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वाराणसी एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए उड़ानें

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वाराणसी का प्रमुख हवाई अड्डा है। यहां से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए घरेलू उड़ानें संचालित होती हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, भुवनेश्वर, पुणे और अन्य शहर शामिल हैं।

इसके अलावा वाराणसी एयरपोर्ट से शारजाह, बैंकॉक और काठमांडू जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं।

Share This Article