‘आवारापन 2’ की बॉक्स ऑफिस सफलता और फैंस के जबरदस्त प्यार से इमरान हाशमी भावुक हो गए। अभिनेता ने बॉलीवुड में अपने 23 साल के सफर को याद करते हुए प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया।
इमरान हाशमी बॉलीवुड के उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्हें उनकी फिल्मों से ज्यादा उनके यादगार गानों और किरदारों के लिए जाना जाता है। साल 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ समय के साथ कल्ट क्लासिक बन गई। अब इसके सीक्वल ‘आवारापन 2’ को भी दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
फिल्म ने रिलीज के महज दो दिनों में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। इमरान हाशमी का शिवम पंडित वाला किरदार एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में है। सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म से जुड़े वीडियो और रील्स शेयर कर अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं। फैंस की इसी प्रतिक्रिया से इमरान हाशमी भावुक नजर आए।
फैंस के नाम इमरान का खास नोट
इमरान हाशमी ने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा कर अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने अपने बॉलीवुड करियर के 23 साल पूरे होने का भी जिक्र किया।
अभिनेता ने लिखा कि 15 अगस्त 2003 को उनकी पहली फिल्म ‘फुटपाथ’ रिलीज हुई थी। इसी फिल्म के साथ उनके ऐसे सफर की शुरुआत हुई, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी।
इमरान ने अपने नोट में कहा कि 23 साल बाद पीछे मुड़कर देखने पर उनका दिल फैंस के लिए शुक्रगुजारियों से भर जाता है। इस सफर में कई उतार-चढ़ाव आए, सफलताएं और असफलताएं मिलीं और कभी खूब तारीफ मिली तो कभी खामोशी का दौर भी रहा। लेकिन हर दौर में उनके प्रशंसक उनके साथ खड़े रहे।
‘मेरी गलतियों को भी माफ किया’
इमरान हाशमी ने फैंस के समर्थन को याद करते हुए कहा कि वे उनके साथ आगे बढ़े, उनका साथ दिया और कई बार उनकी गलतियों को भी माफ किया। अभिनेता ने माना कि प्रशंसकों का यह प्यार ऐसी चीज है, जिसे वह कभी हल्के में नहीं ले सकते।
उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में 23 साल पूरे करने के बाद भी जब उनकी कोई फिल्म दर्शकों तक पहुंचती है तो उनके अंदर वही उत्साह, घबराहट और कुछ नया करने की भूख महसूस होती है।
‘फुटपाथ’ वाला लड़का आज भी जिंदा है
इमरान ने अपने सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक जो कुछ हासिल किया है, उसमें उनके फैंस का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने 23 साल के सफर को अनगिनत यादों से भरा शानदार सफर बताया और प्रशंसकों का उनके साथ चलने के लिए धन्यवाद किया।
अभिनेता ने यह भी कहा कि उनके अंदर कहीं न कहीं ‘फुटपाथ’ वाला वह लड़का आज भी मौजूद है, जो सपने देख रहा है, सीख रहा है और अपनी राह तलाश रहा है।
‘आवारापन 2’ में नजर आ रहे ये सितारे
‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, पूरन गब्बी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की अहम भूमिकाओं में हैं।
शिवम पंडित के किरदार की वापसी ने इमरान हाशमी के प्रशंसकों में खास उत्साह पैदा किया है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की मजबूत शुरुआत के बाद अब सभी की नजर इसके आने वाले दिनों के कलेक्शन पर है।

