स्वतंत्रता दिवस पर प्रभास के फैंस को बड़ी सौगात मिली है। ‘फौजी’ से प्रभास का स्वतंत्रता सेनानी के रूप में पहला लुक सामने आया है। फिल्म ब्रिटिश हुकूमत के दौर और स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास के फैंस के लिए स्वतंत्रता दिवस का अवसर खुशियों की दोहरी सौगात लेकर आया। लंबे समय से जारी अटकलों को विराम देते हुए मेकर्स ने स्वतंत्रता सेनानी के रूप में प्रभास का पहला लुक जारी किया है। फिल्म का नया पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म ‘फौजी’ 3 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी। माइथ्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज के बैनर तले बन रही यह बड़े बजट की फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और बंगाली समेत छह भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी ब्रिटिश हुकूमत के दौर और स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
हिंसा और महात्मा गांधी की मौजूदगी का अनूठा मेल
सामने आए नए पोस्टर में प्रभास का अब तक का सबसे उग्र और अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। वह खून के छींटों वाली सफेद बनियान और धोती पहने हुए हाथों में रिवॉल्वर थामे आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं।
पोस्टर के एक तरफ महात्मा गांधी की शांत मुद्रा दिखाई गई है, जबकि दूसरी तरफ प्रभास का हिंसक रूप नजर आता है। यह प्रस्तुति भारत की आजादी की लड़ाई में अहिंसा और सशस्त्र क्रांति के अलग-अलग रास्तों की ओर इशारा करती है।
अकेला योद्धा, पूरी सेना के बराबर
पोस्टर पर संस्कृत श्लोक के साथ ‘1932 से मोस्ट वांटेड’ टैगलाइन दिखाई गई है, जो स्वतंत्रता आंदोलन के दौर की उथल-पुथल को दर्शाती है। वहीं ‘अ बटालियन हू फाइट्स अलोन’ टैगलाइन संकेत देती है कि प्रभास फिल्म में एक ऐसे जांबाज की भूमिका निभा रहे हैं, जो अकेले पूरी सेना के बराबर है।
फिल्म के जरिए इतिहास में कम चर्चित रहे वीरों और उनके संघर्षों को मुख्यधारा में लाने की कोशिश की गई है।
7 साल बाद प्रभास ने बदली इंस्टाग्राम प्रोफाइल तस्वीर
‘फौजी’ का पोस्टर जारी होने के साथ ही प्रभास ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर भी बदल दी। करीब 7 साल से लगी ‘बाहुबली’ की तस्वीर हटाकर उन्होंने ‘फौजी’ का नया पोस्टर लगा दिया है।
प्रभास के इस कदम के बाद फैंस का उत्साह और बढ़ गया है। फिल्म 3 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और दर्शकों को एक्शन के साथ देशभक्ति से भरपूर सिनेमाई अनुभव देने का दावा किया जा रहा है।

