प्रोफेसर, एडिशनल प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता, उम्र सीमा, वेतन और आवेदन प्रक्रिया
मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने वाले डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी एम्स जोधपुर ने ग्रुप-ए फैकल्टी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए प्रोफेसर, एडिशनल प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 190 पद भरे जाएंगे। योग्य उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एम्स जोधपुर की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए करना होगा।
भर्ती में आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और अन्य जरूरी शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए।
190 पदों पर होगी भर्ती
एम्स जोधपुर की इस भर्ती में प्रोफेसर के 34, एडिशनल प्रोफेसर के 17, एसोसिएट प्रोफेसर के 26 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 113 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 190 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सैलरी कितनी मिलेगी?
प्रोफेसर पद के लिए 1,68,900 रुपये, एडिशनल प्रोफेसर के लिए 1,48,200 रुपये, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1,38,300 रुपये और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 1,01,500 रुपये प्रतिमाह बेसिक सैलरी निर्धारित है। इसके अलावा पात्र उम्मीदवारों को नियमानुसार महंगाई भत्ता, एनपीए और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
योग्यता क्या है?
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त संस्थान से एमडी, एमएस, डीएम, एमसीएच या निर्धारित मेडिकल योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में टीचिंग या रिसर्च का जरूरी अनुभव भी मांगा गया है।
एज लिमिट क्या है?
प्रोफेसर और एडिशनल प्रोफेसर पद के लिए अधिकतम आयु 58 वर्ष है। वहीं एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 12 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन की फीस और तरीका
यूआर, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 3,000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, महिला और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एम्स जोधपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती या ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेक्शन में जाना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। इसके बाद जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करके आवेदन शुल्क जमा करना होगा। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रखनी चाहिए।

