Vodafone Idea: Vi की बड़ी वापसी की तैयारी, 3 साल में चुकाएगी ₹49,000 करोड़ का स्पेक्ट्रम बकाया

Thecity news
5 Min Read

कुमार मंगलम बिड़ला का बड़ा ऐलान, AGR भुगतान FY35 तक टला; 5G और नेटवर्क विस्तार पर भी कंपनी का जोर

लंबे समय से कर्ज के बोझ से जूझ रही वोडाफोन आइडिया (Vi) ने अब वापसी की बड़ी रणनीति तैयार की है। कंपनी के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने 31वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में कंपनी की वित्तीय स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर अहम जानकारी दी। बिड़ला के मुताबिक, कंपनी अगले तीन साल में 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया चुकाने की तैयारी कर रही है। इस ऐलान से उन बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए भी राहत की उम्मीद जगी है, जिनसे कंपनी लंबे समय से फंड जुटाने की कोशिश कर रही है।

49,000 करोड़ रुपये चुकाने का पूरा गणित

सरकार की ओर से एजीआर (AGR) देनदारियों में कटौती के बाद 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया कंपनी के सामने सबसे बड़ी वित्तीय चुनौती बना हुआ है। बिड़ला ने बताया कि कंपनी का मौजूदा बैंक लोन अब सिर्फ 225 करोड़ रुपये रह गया है। वहीं, एजीआर भुगतान को वित्तीय वर्ष 2035 (FY35) तक टाल दिया गया है।

तय भुगतान कार्यक्रम के अनुसार, कंपनी को वित्तीय वर्ष 2027 में 7,000 करोड़ रुपये, 2028 में 15,000 करोड़ रुपये और 2029 में 27,000 करोड़ रुपये का भुगतान करना है। यानी अगले तीन वित्तीय वर्षों में कंपनी को कुल 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम बकाया चुकाना होगा।

बाजार विश्लेषकों के सामने सबसे बड़ा सवाल

कंपनी के बकाया चुकाने के ऐलान के बावजूद बाजार विश्लेषकों की चिंता बनी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वोडाफोन आइडिया इतनी बड़ी रकम का इंतजाम कैसे करेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनी को एक साथ नेटवर्क विस्तार, मौजूदा देनदारियों और बढ़ते स्पेक्ट्रम भुगतान के लिए पर्याप्त नकदी जुटानी होगी।

हालांकि, कंपनी का कहना है कि वह स्पेक्ट्रम भुगतान के लिए किसी और मोहलत की मांग नहीं करेगी। उसकी योजना उच्च एबिटा (EBITDA), आंतरिक नकदी सृजन और नए बैंक फंड के जरिए इन देनदारियों को पूरा करने की है।

ऑपरेशनल मोर्चे पर Vi को मिली मजबूती

वित्तीय वर्ष 2026 तक वोडाफोन आइडिया ने 19,411 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग कैश फ्लो जनरेट किया था। कंपनी के ऑपरेशनल प्रदर्शन में भी सुधार के संकेत मिल रहे हैं। बिड़ला के मुताबिक, फरवरी से कंपनी के साथ लगातार नए ग्राहक जुड़ रहे हैं।

कंपनी का 4G कवरेज अब 86 प्रतिशत से ज्यादा आबादी तक पहुंच चुका है। ब्रॉडबैंड टावरों की संख्या भी 2 लाख के पार हो गई है। वित्तीय वर्ष 2026 के अंत तक कंपनी के कुल 19।28 करोड़ ग्राहक थे, जिनमें करीब 12।9 करोड़ 4G-5G यूजर शामिल हैं।

5G नेटवर्क के आक्रामक विस्तार की तैयारी

नेटवर्क विस्तार के लिए कंपनी 45,000 करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर प्रोग्राम चला रही है। फिलहाल Vi की 5G सेवाएं 200 से ज्यादा शहरों में लाइव हो चुकी हैं। कंपनी का लक्ष्य अगले दो-तीन महीनों में 5G सेवा को 450 शहरों तक पहुंचाना है।

पिछली छह तिमाहियों में कंपनी ने 32,000 नए 4G साइट्स और 16,000 5G साइट्स जोड़े हैं। इससे नेटवर्क क्षमता में 47 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2026 में 3,300 करोड़ रुपये भी जुटाए हैं।

Vodafone Group के सेटलमेंट से मिली राहत

वोडाफोन आइडिया को वोडाफोन ग्रुप के साथ हुए 6,394 करोड़ रुपये के सेटलमेंट से भी वित्तीय स्थिति मजबूत करने में मदद मिली है। कंपनी अब ऑपरेशनल कैश फ्लो, बैंक फंडिंग और बेहतर एबिटा के जरिए अपनी वित्तीय चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रही है।

कंपनी की रणनीति में एक तरफ 49,000 करोड़ रुपये के स्पेक्ट्रम बकाये का भुगतान करना शामिल है, वहीं दूसरी तरफ 5G नेटवर्क का तेजी से विस्तार और ग्राहक आधार को मजबूत करना भी प्राथमिकता है। ऐसे में आने वाले तीन साल Vi के लिए वित्तीय मजबूती और बाजार में अपनी स्थिति फिर से मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं।

Share This Article