सुपौल के करजाईन बाजार में करीब एक दर्जन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच और छापेमारी में जुटी है।
चारदीवारी फांदकर घर में घुसे अपराधी
बिहार के सुपौल जिले में हथियारबंद अपराधियों ने एक ठेकेदार के घर धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट की। घटना सोमवार देर रात करजाईन थाना क्षेत्र के करजाईन बाजार स्थित वार्ड संख्या 9 की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी करीब 60 से 65 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब एक बजे लगभग एक दर्जन नकाबपोश अपराधी ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह के घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही उन्होंने हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया।
एक घंटे तक की लूटपाट
अपराधियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की तलाश की। करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लूटी गई संपत्ति की कीमत 60 से 65 लाख रुपये के बीच है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन सामान के सत्यापन और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस और एसडीपीओ ने घटनास्थल का लिया जायजा
वारदात की सूचना मिलते ही करजाईन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया गया है कि जांच के लिए संबंधित कमरे को सील किया गया है।
एफएसएल टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य
एसडीपीओ पवन कुमार के मुताबिक, घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम पहुंचकर फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी। इन साक्ष्यों से अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अब पुलिस के सामने अपराधियों को पकड़ने और लूटी गई संपत्ति बरामद करने की चुनौती है।

