शेयर बाजार में तेजी से शुरुआत, सेंसेक्स 156 अंक चढ़ा; आईटी शेयरों में खरीदारी

Thecity news
3 Min Read

बुधवार की गिरावट के बाद गुरुवार को बाजार संभला, सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी दिखी।

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स 156 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 73,401 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 36 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,743 पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए थे।

आईटी और मीडिया शेयरों में खरीदारी

शुरुआती कारोबार में आईटी और मीडिया शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मीडिया, आईटी, पीएसयू बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, सर्विसेज, इन्फ्रा, पीएसई, एनर्जी, कमोडिटीज, फार्मा और हेल्थकेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

इसके विपरीत निफ्टी ऑटो, इंडिया डिफेंस, रियल्टी और इंडिया मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट दर्ज की गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी चढ़े

बाजार में बड़ी कंपनियों के शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का रुझान देखने को मिला।

निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत बढ़कर 18,695 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 167 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,441 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स के इन शेयरों में तेजी और गिरावट

सेंसेक्स में अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, टीसीएस, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, इन्फोसिस, एचयूएल, बीईएल, टेक महिंद्रा, एसबीआई, सन फार्मा, इंडिगो, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

वहीं, ट्रेंट, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और इटरनल के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार

वैश्विक बाजारों से मिले संकेत मिले-जुले रहे। एशिया में शंघाई, हांगकांग, सोल और जकार्ता के शेयर बाजार लाल निशान में थे, जबकि टोक्यो का बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुए थे।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.30 प्रतिशत गिरकर 101 डॉलर प्रति बैरल पर था। वहीं, ब्रेंट क्रूड 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 110.28 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Share This Article