एक नवंबर को होने वाली महारैली की तैयारियों के बीच मैदान में जलभराव और कीचड़ से परेशानी बढ़ गई है। राहुल गांधी ने लोगों से शामिल होने की अपील की।
दिल्ली के रामलीला मैदान में बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया है और कीचड़ फैल गया है। इसी मैदान में एक नवंबर को विपक्षी इंडिया गठबंधन की विशाल रैली प्रस्तावित है। रैली को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और तैयारियां जारी हैं, लेकिन बारिश ने आयोजकों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
अगर बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो रैली की तैयारियों और वहां पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
राहुल गांधी ने लोगों से की शामिल होने की अपील
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा कर लोगों से रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोकतंत्र को बचाने, वोट चोरी रोकने और देश के संविधान की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक पार्टी का नहीं है। उन्होंने उन सभी लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से असहमत हैं और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी का प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूरे देश का विरोध प्रदर्शन है।
पुलिस और लाठीचार्ज से नहीं डरने की अपील
राहुल गांधी ने पुलिस की कार्यवाही को लेकर भी लोगों को आश्वस्त करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पुलिस और लाठियों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ऐसा कोई कदम उठाने की हिम्मत नहीं करेगी।
राहुल गांधी ने लोगों से बिना घबराए मार्च में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि संविधान और भारत राष्ट्र की रक्षा के लिए सभी को मिलकर आगे आना चाहिए।

