विशेष निगरानी इकाई की जांच में पत्नी के नाम पर भी 1.29 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली, छापेमारी के दौरान घर से 31 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
बिहार में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने पथ निर्माण विभाग के सहरसा अंचल में तैनात कार्यपालक अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की। जांच में अब तक उनकी आय से करीब 140 प्रतिशत अधिक यानी 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की कथित अवैध संपत्ति का पता चला है। इसमें उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति भी सामने आई है।
बुधवार सुबह शुरू हुई छापेमारी देर रात तक चली। इस मामले में एसवीयू थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत कांड संख्या 27/2026 दर्ज किया गया है।
इंजीनियर के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
एसवीयू की टीम ने विजय कुमार के पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। इनमें पटना के दानापुर स्थित गोला रोड के सांई शरणम आवासीय परिसर, सहरसा में पथ निर्माण विभाग का सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसर, औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र की ब्राह्मण टोली स्थित पैतृक घर और पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट शामिल हैं।
जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति मिली है। चल और अचल संपत्ति को मिलाकर अब तक कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की कथित अवैध संपत्ति का पता चला है।
खिड़की से बाहर फेंकी गईं नोटों की गड्डियां
स्थानीय लोगों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान गोला रोड स्थित सांई शरणम फ्लैट का दरवाजा नहीं खुलने पर कुछ लोगों ने खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंके। इन्हें जांच टीम ने जब्त कर लिया। फ्लैट में मिली कई फाइलों के अंदर भी नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं।
तलाशी के दौरान सांई शरणम आवास से 31 लाख 42 हजार रुपये नकद, दो बैंकों में 10 लाख रुपये जमा होने से संबंधित दस्तावेज और 23 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण मिले। इसके अलावा एलआईसी, टाटा एआईजी और अन्य कंपनियों में निवेश तथा बीमा से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।
पत्नी के नाम पर बैंक खातों में 1.29 करोड़ रुपये
जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर भारतीय स्टेट बैंक के सात और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो खाते मिले हैं। इन खातों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। दंपती के नाम पर एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार भी मिली है।
पटना में फ्लैट, प्लॉट और बहुमंजिला मकान
जांच के दौरान विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर एक फ्लैट और तीन जमीनों की खरीद का पता चला है। जमीन के दो प्लॉट पर सांई शरणम नाम से तीन और छह मंजिला मकान बने हैं।
संपत्तियों में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी का फ्लैट नंबर 303, पत्नी के नाम पर गोला रोड के रामजयपाल नगर सहकारी गृहनिर्माण समिति में प्लॉट और दानापुर के सहजादपुर मौजा में एक प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर दानापुर से रामजयपाल नगर में एक जमीन, विजय कुमार के नाम पर गोला रोड में छह मंजिला मकान और वास्तुगंगा कॉलोनी में सांई शरणम नाम का तीन मंजिला मकान भी जांच के दायरे में है।
2004 में सरकारी सेवा में आए थे विजय कुमार
शुरुआती जांच के अनुसार, विजय कुमार 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में आए थे। इसके बाद पटना, गया, सहरसा और अन्य स्थानों पर तैनाती के दौरान उन्होंने कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। जांच एजेंसी का कहना है कि सामने आई संपत्ति उनकी सरकारी वेतन और अन्य वैध स्रोतों से होने वाली आय से काफी अधिक है।
एसवीयू की जांच अभी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी और जांच पूरी होने के बाद अवैध संपत्ति का आंकड़ा बढ़ सकता है।

