टाटा मोटर्स को 12 हजार और हुंडई को 16 हजार गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद, टू-व्हीलर से लेकर कमर्शियल वाहनों तक मांग मजबूत रही।
नवरात्रि के दौरान मजबूत बिक्री के बाद धनतेरस पर भी ऑटो कंपनियों और डीलरों ने बड़ी संख्या में गाड़ियों की डिलीवरी की। गाड़ी खरीदने के लिए शुभ माने जाने वाले इस दिन टू-व्हीलर और कार समेत सभी ऑटो सेगमेंट में मांग मजबूत बनी रही।
पिछले साल जीएसटी दरों में कटौती के बाद लंबित मांग के चलते धनतेरस पर बिक्री में जबरदस्त तेजी आई थी। इस बार पिछले साल के ऊंचे बिक्री आधार के बावजूद त्योहारी खरीदारी का रुझान सकारात्मक रहा।
मारुति सुजुकी ने 30 हजार से ज्यादा गाड़ियां की डिलीवर
मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को धनतेरस पर 30 हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी का अनुमान जताया। कंपनी ने पिछले साल दो दिनों तक मनाए गए धनतेरस के दौरान करीब 50 हजार गाड़ियों की डिलीवरी की थी।
गणेश चतुर्थी यानी 14 सितंबर से लेकर धनतेरस तक कंपनी की खुदरा बिक्री 4 लाख का आंकड़ा पार कर गई। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 3.46 लाख था।
टाटा मोटर्स को 12 हजार गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद
टाटा मोटर्स को धनतेरस पर 12 हजार गाड़ियों की डिलीवरी की उम्मीद है। कंपनी के पैसेंजर कार कारोबार के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अमित कामत ने कहा कि धनतेरस पर ग्राहकों की प्रतिक्रिया शानदार रही है।
उन्होंने बताया कि दिवाली के शुभ मुहूर्त में गाड़ियों की डिलीवरी बुधवार तक जारी रहेगी। कंपनी को उम्मीद है कि खरीदारी का यह रुझान आगे भी बना रहेगा।
हुंडई को 16 हजार गाड़ियों की डिलीवरी का अनुमान
हुंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी को धनतेरस और दिवाली के दौरान गाड़ियों की डिलीवरी में करीब 14 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद है। इसके साथ ही डिलीवरी का आंकड़ा 16 हजार तक पहुंच सकता है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के पूर्व अध्यक्ष विनकेश गुलाटी ने कहा कि धनतेरस पर आम दिनों के मुकाबले करीब पांच गुना बिक्री होती है।
महिंद्रा के डीलरों के पास स्टॉक कम
महिंद्रा एंड महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक और सीईओ राजेश जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी के ज्यादातर मॉडलों का डीलरशिप पर उपलब्ध स्टॉक लगभग खत्म हो गया है। फिलहाल ट्रांसपोर्ट में मौजूद गाड़ियों को छोड़ दें तो डीलरों के पास 8-9 दिन से भी कम का स्टॉक बचा है।
सभी ऑटो सेगमेंट में मांग मजबूत
फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि टू-व्हीलर, कार और कमर्शियल गाड़ियों समेत सभी सेगमेंट में मांग मजबूत बनी हुई है। हालांकि, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और कार की डिलीवरी में कुछ बाधाएं देखने को मिल रही हैं।

