नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता ने 5 अगस्त 2019 को छीनी गई चीजें वापस लाने का संकल्प जताया, भाजपा ने इसे भावनात्मक नारा बताकर पलटवार किया।
जम्मू-कश्मीर में सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट में हाल ही में शामिल हुए मीर सैफुल्लाह ने कुपवाड़ा में अपने पहले सार्वजनिक बयान में पुराने राज्य के झंडे और अनुच्छेद 370 की बहाली का संकल्प जताया।
सैफुल्लाह ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर के लोगों से जो कुछ छीना गया था, उसे वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य का पुराना झंडा और उसका निशान नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से जम्मू-कश्मीर को दिया गया तोहफा था और इसे केवल उनकी पार्टी ही वापस ला सकती है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ही दिलाया था अलग झंडा
मीर सैफुल्लाह ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ही 1953 से पहले का दर्जा, अनुच्छेद 370 और जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडा दिलाया था। अब इन्हें वापस लाने के लिए संघर्ष शुरू हो चुका है।
उन्होंने 5 अगस्त 2019 के फैसले को अन्याय बताते हुए कहा कि उस दिन जम्मू-कश्मीर का दर्जा घटाया गया और राज्य का विभाजन किया गया। उनके मुताबिक, उस समय राज्य का झंडा और संविधान भी छीन लिया गया था।
सैफुल्लाह ने सभी राजनीतिक दलों से जम्मू-कश्मीर का पुराना झंडा वापस लाने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि भले ही शुरुआत शून्य से करनी पड़े, लेकिन एक दिन लक्ष्य तक पहुंचा जाएगा।
भाजपा ने किया पलटवार
सैफुल्लाह के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने कहा कि अनुच्छेद 370 अब इतिहास बन चुका है और जम्मू-कश्मीर में दो झंडे या दो संविधान वाली व्यवस्था दोबारा लागू नहीं हो सकती। भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से ऐसे सपने देखना बंद करने को कहा।
भाजपा ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। इसी वजह से सत्ताधारी पार्टी के नेता पुराने मुद्दों को उठाकर भावनात्मक नारे दे रहे हैं।
भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कहा कि कश्मीर के लोग नेशनल कॉन्फ्रेंस का इरादा समझ चुके हैं और अब ऐसे नारों से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसी सरकार रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है और अब पुराने मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

