बोस्टन यूनिवर्सिटी की पढ़ाई और फंडिंग विवाद के बाद अब महंगे स्पोर्ट्स शूज को लेकर सोशल मीडिया पर घिरे सीजेपी संस्थापक
देश में कथित ‘जेन जी’ आंदोलन का नेतृत्व कर चर्चा में आए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके एक बार फिर सोशल मीडिया पर विवादों में हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ अपने आक्रामक रुख के लिए चर्चा में रहने वाले दीपके अब अपने महंगे स्पोर्ट्स शूज को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर हैं।
अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में उनकी पढ़ाई और उससे जुड़े खर्च को लेकर पहले उठे सवालों के बाद अब सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया है कि दीपके ने 33 हजार रुपये से ज्यादा कीमत वाले ब्रांडेड स्पोर्ट्स शूज पहने थे। हालांकि, जूतों की कीमत से जुड़े इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
33 हजार रुपये के जूतों को लेकर विवाद
सोशल मीडिया मंच एक्स पर सान्वी शर्मा नाम की एक यूजर ने पोस्ट साझा कर दावा किया कि बुधवार को सार्वजनिक रूप से नजर आए अभिजीत दीपके के स्पोर्ट्स शूज की कीमत 33 हजार रुपये से अधिक है।
पोस्ट वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि आम जनता और युवाओं की राजनीति करने का दावा करने वाले नेता महंगे ब्रांडेड जूते पहनकर आंदोलन का प्रतिनिधित्व कैसे कर सकते हैं।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले 30 वर्षीय अभिजीत दीपके ने सीजेआई सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद कॉकरोच जनता पार्टी का गठन किया था।
पहले भी पढ़ाई और फंडिंग को लेकर उठे थे सवाल
अभिजीत दीपके इससे पहले अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई और उससे जुड़े खर्च को लेकर भी विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने वहां जनसंपर्क में मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई की है।
गुजरात के एक आरटीआई कार्यकर्ता की ओर से पत्राचार किए जाने के बाद दीपके ने सफाई दी थी कि उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए एजुकेशन लोन लिया था।
इसके अलावा जंतर-मंतर पर हुए उनके प्रदर्शन की फंडिंग को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने किसी भी तरह की विदेशी फंडिंग से इनकार किया था।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक की पढ़ाई की है। वह पहले आम आदमी पार्टी के वालंटियर भी रह चुके हैं।
अमेरिका से लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली में नीट पेपर लीक के विरोध में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
दीपके ने जंतर-मंतर पर ‘जंतर-मंतर 2’ शुरू करने का ऐलान भी किया है। अब उन्होंने सितंबर से ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

